
एशिया कप 2025 की शुरुआत टीम इंडिया ने ऐसे धमाकेदार अंदाज में की कि पूरे एशिया के क्रिकेट गलियारों में खलबली मच गई. दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में भारत ने संयुक्त अरब अमीरात को रौंदते हुए ऐसा भौकाल दिखाया कि पाकिस्तान तक बेचैन हो गया मोहम्मद वसीम की टीम मैदान पर उतरी थी मुकाबला करने, लेकिन भारत के शेरों ने उन्हें धूल चटा दी. बता दें एक साल बाद टी20I में वापसी करने वाले कुलदीप यादव ने आते ही गदर मचा दिया है. अपने दूसरे ओवर की पहली गेंद पर राहुल चोपड़ा को शुभमन गिल के हाथों कैच करवाया, चौथी गेंद पर कप्तान मोहम्मद वसीम को LBW किया और आखिरी गेंद पर हर्षित कौशिक को चलता कर दिया यानी एक ही ओवर में तीन विकेट लेकर सबको हैरान कर दिया, बता दें कुलदीप ने 2.1 ओवर में केवल 7 रन देकर 4 विकेट झटके और एशिया कप में 3 विकेट हॉल लेने के मामले में सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ दिया.
शिवम दुबे बने दूसरे हीरो
कुलदीप के बाद गेंदबाजी में शिवम दुबे ने धमाका किया. उनकी रफ्तार और धारदार लाइन-लेंथ के आगे UAE के बल्लेबाज ढेर हो गए. दुबे ने 3 विकेट झटके और विरोधी टीम की सांसें रोक दीं. उनकी गेंदें सीधा बैट्समैन की नसों पर वार कर रही थीं. नतीजा ये हुआ कि पूरी UAE टीम सिर्फ 53 रन पर सिमट गई. इस मैच में UAE के 8 खिलाड़ी 3 से ऊपर रन तक नहीं बना पाए. वहीं जब भारतीय बल्लेबाजों की बारी आई तो पहले ही गेंद पर अभिषेक शर्मा ने ऐसा छक्का जड़ा कि स्टेडियम झूम उठा. गेंद सीधे आसमान छूती हुई स्टैंड में गिरी और माहौल में बिजली सी दौड़ गई. इसके बाद चौके-छक्कों की बरसात शुरू हो गई. सूर्या भाऊ यानी सूर्यकुमार यादव की आक्रामक रणनीति ने UAE के गेंदबाजों की कमर तोड़ दी.
भारत की पावरप्ले में जीत
भारत ने महज 5 ओवर में 9 विकेट से मैच अपने नाम कर लिया. पावरप्ले में ही खेल खत्म करने का मूड दिखाकर भारतीय बल्लेबाजों ने बता दिया कि एशिया कप में अबकी बार कोई भी टीम बच नहीं पाएगी.मैच के बाद गंभीर ने कुलदीप यादव को गले लगाकर शाबाशी दी और बड़ा इनाम भी दिया. सचिन का रिकॉर्ड तोड़ने के बाद कुलदीप चर्चा का केंद्र बन गए. क्रिकेट प्रेमियों का मानना है कि ये सिर्फ जीत नहीं, बल्कि एलान-ए-जंग था पाकिस्तान समेत बाकी टीमों के कान खड़े हो गए हैं, क्योंकि भारत ने बता दिया इस बार कोई रहम नहीं होगा.