
दुबई और अबू धाबी में जारी टी20 एशिया कप 2025 का रोमांच अब अपने अहम मोड़ पर पहुंच गया है। जहां ग्रुप ए की तस्वीर पूरी तरह साफ हो चुकी है, वहीं ग्रुप बी में सुपर 4 का समीकरण उलझा हुआ है। टीम इंडिया ग्रुप ए से पहले ही सुपर 4 के लिए क्वालीफाई कर चुकी है। अब पाकिस्तान और यूएई के बीच होने वाले मुकाबले से तय होगा कि दूसरी टीम कौन सी होगी। दोनों में जो जीतेगा, वही अगले दौर में पहुंचेगा।
ग्रुप बी में तगड़ा मुकाबला
ग्रुप बी से हांगकांग की टीम पहले ही बाहर हो चुकी है। अब सुपर 4 की रेस में तीन टीमों श्रीलंका, बांग्लादेश और अफगानिस्तान के बीच कांटे की टक्कर है। बांग्लादेश अपने सभी तीन मैच खेल चुका है और अब उसके पास सिर्फ दुआ करने का विकल्प है। बांग्लादेश चाहता है कि श्रीलंका, अफगानिस्तान को हरा दे। अगर ऐसा हो जाता है तो बांग्लादेश और श्रीलंका दोनों ही टीमें सुपर 4 में पहुंच जाएंगी।
अफगानिस्तान की जीत से बदलेंगे समीकरण
अगर अफगानिस्तान श्रीलंका को हरा देता है तो तस्वीर और जटिल हो जाएगी। इस स्थिति में तीनों टीमों के 4-4 अंक हो जाएंगे और बात नेट रन रेट पर आ टिकेगी। अफगानिस्तान की जीत उन्हें तो सुपर 4 में पहुंचा देगी, लेकिन फिर यह देखना होगा कि बांग्लादेश और श्रीलंका में किसका नेट रन रेट बेहतर रहता है। फिलहाल श्रीलंका का रन रेट बांग्लादेश से अच्छा है, लेकिन बड़ी हार से यह गणित बदल सकता है।
श्रीलंका का समीकरण
श्रीलंका के लिए अच्छी खबर यह है कि हारने के बावजूद भी उनके पास सुपर 4 में पहुंचने का रास्ता खुला है। उन्हें बस ध्यान रखना होगा कि हार कितने अंतर से होती है। अगर वे रन चेज करते हैं, तो उन्हें 70 से कम रनों से हार झेलनी होगी और अगर पहले बल्लेबाजी करते हैं तो अफगानिस्तान 50 से ज्यादा गेंदें शेष रहते जीत हासिल न करे। इन शर्तों को ध्यान में रखते हुए श्रीलंका का सुपर 4 में पहुंचना लगभग तय माना जा रहा है।
इसे भी पढ़ें : Asia Cup छोड़ना पाकिस्तान के लिए घाटे का सौदा, 140 करोड़ दांव पर, नकवी की धमकी निकली खोखली!
अफगानिस्तान की कमजोरी
अफगानिस्तान की सबसे बड़ी दिक्कत यह है कि उन्होंने जिम्बाब्वे को छोड़कर किसी भी बड़े देश के खिलाफ 140 से ज्यादा का लक्ष्य कभी सफलतापूर्वक चेज नहीं किया। ऐसे में श्रीलंका जैसी अनुभवी टीम के खिलाफ यह चुनौती और कठिन हो सकती है।
मुकाबले पर टिकी क्रिकेट फैन्स की निगाहें
ग्रुप बी की जंग आखिरी मुकाबले तक रोमांचक बनी रहेगी। अफगानिस्तान अगर जीतता है तो नेट रन रेट के पेचीदा समीकरण का खेल शुरू होगा। वहीं श्रीलंका की जीत से तस्वीर साफ हो जाएगी और बांग्लादेश को राहत मिलेगी। अब क्रिकेट फैन्स की निगाहें श्रीलंका बनाम अफगानिस्तान मैच पर टिकी हैं, क्योंकि इसी से तय होगा कि सुपर 4 में कौन-कौन पहुंचेंगे और आगे टूर्नामेंट का रोमांच किस ओर मुड़ेगा।