
टीम इंडिया को एशिया कप 2025 जीते हुए एक महीने से ज़्यादा हो चुका है, लेकिन अब तक ट्रॉफी टीम इंडिया को नहीं मिली है. ये ट्रॉफी अब भी एशियन क्रिकेट काउंसिल और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चेयरमैन मोहसिन नकवी के पास बताई जा रही है. इसी को लेकर बीसीसीआई ने नाराजगी जताई थी. बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने साफ कहा था कि अगर दो दिनों के अंदर ट्रॉफी नहीं सौंपी गई तो ये मामला सीधे ICC की बैठक में उठाया जाएगा. अब चूंकि नकवी की ओर से कोई जवाब नहीं आया है, इसलिए पूरा मामला अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहुंच गया है.
BCCI की चेतावनी, ICC करेगी दखल
बीसीसीआई ने लगभग दस दिन पहले ACC चेयरमैन मोहसिन नकवी को चिट्ठी लिखकर ट्रॉफी वापस करने की मांग की थी. देवजीत सैकिया ने कहा था हम निराश हैं कि एक महीने बाद भी ट्रॉफी हमारे पास नहीं है. अगर ऐसा ही रहा तो हम ICC के सामने ये मामला रखेंगे. अब जब नकवी ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी, तो बीसीसीआई ने तय किया है कि 4 नवंबर से शुरू होने वाली ICC की दुबई मीटिंग में यह मुद्दा उठाया जाएगा. माना जा रहा है कि इस बार ICC खुद मध्यस्थता करके फैसला सुना सकती है, ताकि यह विवाद यहीं खत्म हो जाए.
राजीव शुक्ला ने लगाई थी फटकार
इससे पहले 30 सितंबर को हुई ACC बैठक में बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने भी मोहसिन नकवी को जमकर फटकार लगाई थी. शुक्ला ने कहा था कि एशिया कप ट्रॉफी किसी एक व्यक्ति की निजी संपत्ति नहीं है. इसका असली हकदार भारत है. लेकिन चेतावनियों के बावजूद नकवी ने अब तक ट्रॉफी नहीं सौंपी. बताया जा रहा है कि बीसीसीआई ने इस मामले को अब पूरी तरह से कूटनीतिक मोड में ले लिया है और ICC मीटिंग में भारत के प्रतिनिधि इस मुद्दे पर सख्त रुख अपनाने वाले हैं.
इसे भी पढ़ें : बाबा महाकाल की धरती पर बनी मस्जिद का केस पहुंचा Supreme Court के दरवाजे, जानें क्या है मुस्लिम पक्ष की मांग ?
ICC मीटिंग में होंगे कई अहम फैसले
4 से 7 नवंबर तक दुबई में चलने वाली ICC बैठक में एशिया कप ट्रॉफी विवाद के अलावा मोबाइल गेमिंग राइट्स और अंडर-19 वर्ल्ड कप फॉर्मेट जैसे अहम मुद्दों पर भी चर्चा होगी. इसके अलावा क्रिकेट की वैश्विक पहुंच बढ़ाने और दक्षिण अमेरिका व पैन अमेरिकन गेम्स में क्रिकेट को शामिल करने पर भी बात होगी. हालांकि भारतीय फैंस की निगाहें सिर्फ एक मुद्दे पर टिकी हैं कि क्या आखिरकार टीम इंडिया को उसका हक मिल पाएगा या नहीं.