
एशिया कप 2025 जीतने के बाद भारतीय खिलाड़ियों ने एशियन क्रिकेट काउंसिल अध्यक्ष मोहसिन नक़वी से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया था. जिसके बाद खिलाड़ियों के इस फैसले ने खेल जगत में हलचल मचा दी. ये विवाद तब और बढ़ गया जब नक़वी ट्रॉफी और मेडल लेकर सीधे अपने होटल रूम चले गए.
नक़वी ने रख दी नई शर्त
वहीं अब मोहसिन नक़वी ने ट्रॉफी भारत को देने की हामी भरी है, लेकिन इसके लिए उन्होंने एक शर्त रख दी है. उनका कहना है कि वे तभी ट्रॉफी और मेडल देंगे जब इसके लिए एक औपचारिक समारोह आयोजित किया जाएगा. साथ ही वे चाहते हैं कि भारतीय खिलाड़ियों को ट्रॉफी और मेडल खुद अपने हाथों से दें. नक़वी की इस मांग पर सवाल खड़े हो रहे हैं. भारत और पाकिस्तान के बीच मौजूदा राजनीतिक हालातों को देखते हुए ऐसा समारोह होना लगभग नामुमकिन माना जा रहा है. क्रिकेट जानकारों का कहना है कि नक़वी की यह शर्त स्थिति को और जटिल बना सकती है.
BCCI पूरे मामले की ICC से करेगा शिकायत
हालांकि इस मामले को लेकर बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया पहले ही नक़वी के व्यवहार की आलोचना कर चुके हैं. उन्होंने कहा था कि ट्रॉफी और मेडल को होटल रूम में ले जाना खेल भावना के खिलाफ है. बीसीसीआई का मानना है कि खिलाड़ियों की गरिमा से समझौता नहीं किया जा सकता है. वहीं देवजीत सैकिया ने पुष्टि की है कि बीसीसीआई इस पूरे मामले की शिकायत अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद से करेगा. उनका कहना है कि यह सिर्फ भारत-पाकिस्तान का मुद्दा नहीं है, बल्कि खेल की साख और खिलाड़ियों के सम्मान से जुड़ा मामला है.
इसे भी पढ़ें : Bihar चुनाव से पहले NDA में हलचल तेज़, Pawan Singh को मनाने में जुटी BJP, Shahabad में डैमेज कंट्रोल की कोशिश
खेल भावना पर पड़ा असर
देखा जाए तो क्रिकेट हमेशा से दो देशों के बीच पुल का काम करता रहा है लेकिन इस घटना ने न केवल एशिया कप की चमक फीकी कर दी, बल्कि खेल भावना पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं. फैंस का मानना है कि ट्रॉफी और मेडल खिलाड़ियों को सम्मानपूर्वक दिए जाने चाहिए, न कि शर्तों पर.