
एशिया कप के ग्रुप स्टेज के महामुकाबले में टीम इंडिया ने दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में पाकिस्तान को गेंदबाजी से ध्वस्त कर दिया. पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला तो किया, लेकिन उनका ये फैसला टीम के लिए भारी साबित हुआ. पाकिस्तान ने 20 ओवर में 9 विकेट खोकर सिर्फ 127 रन बनाए. अगर अंत में शाहीन शाह अफरीदी ने 16 गेंदों पर ताबड़तोड़ 33 रन नहीं बनाए होते, तो पाकिस्तान तीन अंकों तक भी नहीं पहुंच पाता. शुरुआत से ही भारतीय स्पिनर्स ने पाकिस्तान की कमर तोड़ दी और मैदान पर हर तरफ बापू-बापू की गूंज सुनाई दी. अक्षर पटेल ने पाकिस्तानी बल्लेबाजों को नचाया दरअसल भारत के स्पिन जादूगर कुलदीप यादव और अक्षर पटेल ने पाकिस्तानी बल्लेबाजों को ऐसा नचाया कि पूरा स्टेडियम झूम उठा. कुलदीप यादव ने अपनी फिरकी से तीन विकेट झटके और पाकिस्तान की पारी को बुरी तरह हिला दिया. वहीं, 31 साल के अक्षर पटेल उर्फ बापू ने 4 ओवर में सिर्फ 18 रन देकर 2 अहम विकेट अपने नाम किए. बापू ने पहले फखर जमां को अपने जाल में फंसाया और फिर पाकिस्तानी कप्तान सलमान अली आगा को भी लंबा पैदल भेज दिया. सलमान अली सिर्फ 3 रन बनाकर बापू की फिरकी में उलझ गए. बापू का ये प्रदर्शन उनके पुराने रिकॉर्ड की याद दिलाता है. टी20 क्रिकेट में वो न सिर्फ गेंद से बल्कि बल्ले से भी मैच जिताने का दम रखते हैं. 2024 टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में उन्होंने साउथ अफ्रीका के खिलाफ बल्ले से शानदार 47 रन बनाकर भारत को खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी. इस बार भी उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ अपने नाम के अनुरूप भौकाल दिखा दिया. पाकिस्तान का टॉप और मिडिल ऑर्डर उनकी फिरकी के आगे इतना बेबस नजर आया कि रन बनाने की बजाय विकेट बचाने में ही पसीने छूट गए. स्पिनर्स बने पाकिस्तान के लिए 'काल' कुल मिलाकर पाकिस्तान की हालत भारतीय स्पिनरों के सामने बिल्कुल पस्त रही. 13 ओवर की स्पिन गेंदबाजी में पाकिस्तान ने सिर्फ 60 रन बनाए और 6 विकेट गंवा दिए. साहिबजादा फरहान, फखर जमां, सलमान अली, हसन नवाज, मोहम्मद नवाज और फहीम अशरफ सब भारतीय फिरकी जाल में फंस गए. दुबई के मैदान पर टीम इंडिया के स्पिनर्स ने साबित कर दिया कि इस बार एशिया कप में भारत का भौकाल कायम है. खासकर बापू पटेल की फिरकी का जादू पाकिस्तान के लिए एक ऐसा जख्म छोड़ गया है, जो लंबे वक्त तक उन्हें याद रहेगा.