एशिया कप 2025 का रोमांचक फाइनल रविवार को भारत और पाकिस्तान के बीच खेला जाएगा। इस महामुकाबले को लेकर पूरे देश में क्रिकेट प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह है। मध्यप्रदेश के इंदौर में सट्टा बाजार में भी इस हाईवोल्टेज मैच पर दांव लगाने का सिलसिला तेज हो गया है। इंदौर सट्टा बाजार ने अपनी भविष्यवाणी जारी करते हुए भारत की जीत को लगभग तय माना है। खास बात यह है कि यहां पहले भी कई बड़ी भविष्यवाणियां सही साबित हो चुकी हैं।
भारत का पलड़ा भारी
इंदौर सट्टा बाजार के मुताबिक टीम इंडिया फाइनल में पाकिस्तान को हराने वाली है। सूत्रों के अनुसार अगर भारत टॉस जीतता है तो पाकिस्तान का भाव 3 रुपये और भारत का 30 पैसे है। वहीं भारत अगर टॉस हारता है तो पाकिस्तान का भाव 2.5 रुपये और भारत का भाव 40 पैसे बताया जा रहा है। सट्टेबाजों के अनुसार भारतीय टीम की जीत की संभावना ज्यादा है और इसी कारण भारत पर सबसे ज्यादा दांव लगाए जा रहे हैं।
खिलाड़ियों पर दांव
मैच में टीम इंडिया के ओपनर अभिषेक शर्मा सबसे बड़े फेवरेट खिलाड़ी बने हुए हैं। उनकी शानदार फॉर्म के चलते उन पर करोड़ों का दांव लगाया जा रहा है। इसके अलावा शुभमन गिल और कप्तान सूर्यकुमार यादव पर भी लोगों की नजरें टिकी हैं। सट्टा बाजार में यहां तक की मौसम को लेकर भी दांव लग रहे हैं कि फाइनल के दौरान बारिश होगी या नहीं।