एशियन गेम्स 2026 के क्रिकेट मुकाबलों का आधिकारिक ड्रा जारी हो गया है। पुरुष वर्ग में भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका और बांग्लादेश को सीधे नॉकआउट चरण में जगह मिली है, जबकि बाकी छह टीमें पहले राउंड में खेलेंगी। मौजूदा ड्रॉ के अनुसार भारत और पाकिस्तान की भिड़ंत सिर्फ एक बार ही संभव है और वह भी सेमीफाइनल या फाइनल में।
पुरुष वर्ग में ऐसा रहेगा टूर्नामेंट का प्रारूप
पुरुष क्रिकेट प्रतियोगिता में कुल 10 टीमें हिस्सा लेंगी। भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका और बांग्लादेश को शीर्ष वरीयता मिलने के कारण सीधे क्वार्टरफाइनल में प्रवेश मिला है। बाकी छह टीमें पहले राउंड में खेलेंगी। ग्रुप-ए में अफगानिस्तान, जापान और नेपाल को रखा गया है, जबकि ग्रुप-बी में हांगकांग, मलेशिया और ओमान शामिल हैं। दोनों ग्रुप से शीर्ष दो-दो टीमें नॉकआउट चरण में पहुंचेंगी।
भारत-पाकिस्तान मुकाबले का बना खास समीकरण
टूर्नामेंट के मौजूदा प्रारूप के मुताबिक भारत और पाकिस्तान अलग-अलग नॉकआउट स्लॉट में हैं। ऐसे में दोनों टीमों का आमना-सामना केवल एक बार ही हो सकता है। यदि दोनों अपनी-अपनी नॉकआउट भिड़ंत जीतते हैं तो सेमीफाइनल या फिर फाइनल में दोनों के बीच हाई-वोल्टेज मुकाबला देखने को मिल सकता है।
महिला टीम की शुरुआत जापान से
महिला क्रिकेट प्रतियोगिता की शुरुआत सीधे क्वार्टरफाइनल से होगी। भारतीय महिला टीम अपने अभियान का आगाज जापान के खिलाफ करेगी। वहीं बांग्लादेश का मुकाबला चीन, पाकिस्तान का थाईलैंड और श्रीलंका का सामना मलेशिया से होगा। इन मुकाबलों की विजेता टीमें सेमीफाइनल में जगह बनाएंगी।
24 सितंबर से शुरू होंगे मुकाबले
पुरुष क्रिकेट प्रतियोगिता 24 सितंबर से शुरू होगी और सभी मुकाबले टी20 प्रारूप में खेले जाएंगे। इन मैचों को पूर्ण अंतरराष्ट्रीय दर्जा भी मिलेगा। भारतीय पुरुष टीम की कप्तानी श्रेयस अय्यर करेंगे, जबकि तिलक वर्मा उपकप्तान होंगे। टीम में युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को भी जगह मिली है। महिला टीम की कमान हरमनप्रीत कौर के हाथों में होगी और स्मृति मंधाना उपकप्तान की भूमिका निभाएंगी।
इसे भी पढ़ें : IND vs ZIM: एक ही जन्मदिन, एक साथ नई गेंद... Mayank Yadav और Ashok Sharma ने बनाया भारतीय क्रिकेट का अनोखा रिकॉर्ड
दोनों वर्ग में भारत उतरेगा खिताब बचाने
भारत एशियन गेम्स 2026 में पुरुष और महिला दोनों वर्गों में मौजूदा चैंपियन के रूप में उतर रहा है। ऐसे में दोनों टीमों पर स्वर्ण पदक बचाने की जिम्मेदारी होगी। क्रिकेट प्रेमियों की नजर अब नॉकआउट मुकाबलों पर रहेगी, जहां भारत एक बार फिर एशियाई खेलों में अपना दबदबा कायम रखने की कोशिश करेगा।