PM Modi Congratulates Athletes: एशियन गेम्स 2026 में भारतीय खिलाड़ियों का शानदार अभियान जारी है। प्रतियोगिता के सातवें दिन भारत ने कई अहम पदक अपने नाम किए। पुरुष कबड्डी टीम ने जहां ईरान को हराकर अपना खिताब बरकरार रखा, वहीं महिला टीम ने भी फाइनल में जीत दर्ज कर गोल्ड मेडल हासिल किया। इसके अलावा एथलेटिक्स, शूटिंग और टेबल टेनिस में भी भारतीय खिलाड़ियों ने पोडियम फिनिश किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके प्रदर्शन की सराहना की। पुरुष मैराथन में सावन बरवाल ने भारत के लिए ऐतिहासिक सिल्वर मेडल हासिल किया। उन्होंने 2 घंटे 11 मिनट 37 सेकंड के समय के साथ नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया और एशियन गेम्स की मैराथन में 44 साल बाद भारत को पदक दिलाया। पीएम मोदी ने सावन बरवाल की उपलब्धि को खास बताते हुए कहा कि उनका प्रदर्शन देश के लिए गर्व का विषय है। यह एशियन गेम्स में भारत का मैराथन में लंबे अंतराल के बाद आया पदक है और विदेशी धरती पर इस स्पर्धा में भारत का पहला पदक भी है।
महिला कबड्डी टीम ने जीता गोल्ड
भारत की महिला कबड्डी टीम ने फाइनल मुकाबले में ईरान को 37-34 से मात देकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। मुकाबला काफी करीबी रहा, लेकिन भारतीय खिलाड़ियों ने अहम मौकों पर बढ़त बनाए रखी। टीम की इस जीत के बाद पीएम मोदी ने खिलाड़ियों को बधाई दी और उनके साहस, धैर्य तथा टीमवर्क की प्रशंसा की। महिला टीम के बाद पुरुष कबड्डी खिलाड़ियों ने भी फाइनल में शानदार प्रदर्शन किया। भारत ने ईरान को 40-34 से हराकर गोल्ड मेडल पर कब्जा जमाया। इस जीत के साथ पुरुष टीम ने एशियन गेम्स में कबड्डी का अपना खिताब बरकरार रखा। यह पुरुष टीम का इस प्रतियोगिता में नौवां कबड्डी गोल्ड भी रहा।
शूटिंग में भारतीय तिकड़ी ने जीता सिल्वर
महिलाओं की 50 मीटर राइफल 3 पोजीशन टीम स्पर्धा में तिलोत्तमा सेन, विदरसा विनोद कोचलुमकल और आशी चौकसे की भारतीय टीम ने रजत पदक हासिल किया। भारतीय टीम ने कुल 1,763 अंक जुटाए। चीन ने 1,773 अंक के साथ गोल्ड जीता, जबकि कजाकिस्तान को कांस्य पदक मिला। इस प्रदर्शन के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने तीनों निशानेबाजों को शुभकामनाएं दीं और उनकी सटीक निशानेबाजी की सराहना की।
यह भी पढ़ें:Clarifies Form-6 Controversy: चुनाव आयोग की अहम बैठक, Form-6 विवाद पर आयोग ने दी सफाई; SIR को लेकर कई फैसले
टेबल टेनिस में मानुष और दीया की जोड़ी को कांस्य
टेबल टेनिस के मिक्स्ड डबल्स में मानुष शाह और दीया चितले ने भारत के खाते में कांस्य पदक जोड़ा। भारतीय जोड़ी ने सेमीफाइनल तक का सफर तय किया, जहां उन्हें चीन की वांग चुकिन और सुन यिंगशा की जोड़ी से हार का सामना करना पड़ा। सेमीफाइनल में पहुंचने के कारण उन्हें कांस्य पदक मिला। पीएम मोदी ने मानुष शाह और दीया चितले को भी बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस तरह की उपलब्धियां भारत में टेबल टेनिस को आगे बढ़ाने में मदद करेंगी और युवा खिलाड़ियों को इस खेल में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेंगी।
एशियन गेम्स 2026 में भारतीय दल का प्रदर्शन लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। सातवें दिन भारत ने कुल सात पदक हासिल किए, जिससे उस दिन का प्रदर्शन प्रतियोगिता के सबसे सफल दिनों में शामिल रहा।