रावलपिंडी में पाकिस्तान और साउथ अफ्रीका के बीच दूसरे और आखिरी टेस्ट मुकाबला खेला जा रहा है. वहीं इस मुकाबले में अब आसिफ आफरीदी ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कदम रख दिया है. जिसके बाद अब 38 साल 299 दिन की उम्र में डेब्यू करने वाले आसिफ अब मलिक मीरान बख्श (47 साल 284 दिन) के बाद टेस्ट डेब्यू करने वाले दूसरे सबसे उम्रदराज पाकिस्तानी क्रिकेटर बन गए हैं.
2022 में लगा था 1 साल का बैन
दरअस आसिफ आफरीदी पर 2022 में एक साल का बैन लगाया गया था. ये बैन पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने घरेलू क्रिकेट में स्पॉट फिक्सिंग से जुड़े मामले को लेकर लगाया था. हालांकि छह महीने बाद ही उनका बैन हटा लिया गया था और वे दोबारा क्रिकेट में लौट आए.
घरेलू क्रिकेट में आफरीदी का शानदार प्रदर्शन
आसिफ आफरीदी का जन्म पेशावर में हुआ था. वहीं बाएं हाथ के स्पिनर आसिफ आफरीदी लंबे समय से घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं. बता दें कि टेस्ट डेब्यू से पहले उन्होंने 57 फर्स्ट क्लास मैचों में 198 विकेट लिए और 1630 रन बनाए. वहीं लिस्ट-ए क्रिकेट में उनके नाम 60 मैचों में 83 विकेट और 699 रन दर्ज हैं.
आफरीदी ने 85 टी20 मुकाबले खेले
अब तक आसिफ आफरीदी ने 85 टी20 मुकाबले खेले हैं. जिसमें उन्होंने 78 विकेट झटके और 699 रन बनाए हैं. आफरीदी ने पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) 2025 में लाहौर कलंदर्स के लिए खेला था. जबकि इससे पहले वे मुल्तान सुल्तान्स टीम का भी हिस्सा रह चुके हैं.