पूर्वी दिल्ली। पूर्वी दिल्ली के वसुंधरा एन्क्लेव स्थित सत्याम अपार्टमेंट में रहने वाली शिवाजी कॉलेज की सहायक प्रोफेसर की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या का मामला सामने आया है। सूचना मिलते ही न्यू अशोक नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार वीरवार दोपहर करीब 2:35 बजे एक महिला ने पीसीआर कॉल कर सूचना दी कि उसकी बहन की हत्या कर दी गई है और उसका शव फ्लैट के अंदर पड़ा है। सूचना पर पहुंची पुलिस को शिकायतकर्ता देवरति पॉल (49) ने बताया कि उनकी बहन देवोस्मिता पॉल, जो शिवाजी कॉलेज में सहायक प्रोफेसर थीं, उक्त फ्लैट में अकेली रहती थीं।
शिकायतकर्ता के अनुसार सुबह से फ्लैट बाहर से बंद था और कई बार फोन करने के बावजूद उनकी बहन ने कोई जवाब नहीं दिया। अनहोनी की आशंका होने पर उन्होंने फ्लैट का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जहां देवोस्मिता पॉल मृत अवस्था में मिलीं।
घटना की सूचना पर क्राइम टीम को मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी के बाद महत्वपूर्ण साक्ष्य एवं फोरेंसिक नमूने जुटाए। शव को पोस्टमार्टम के लिए एलबीएस अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया गया है।
पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की पहचान व गिरफ्तारी के लिए कई विशेष टीमें गठित की गई हैं। हत्या के कारणों और वारदात की परिस्थितियों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।