Vaibhav Suryavanshi: जिस उम्र में बच्चे स्कूल की छुट्टियों का प्लान बनाते हैं, उस उम्र में बिहार के 'लाल' वैभव सूर्यवंशी इतिहास लिख रहे हैं. ये हैरानी की बात नहीं सच है क्योंकि अब भारतीय क्रिकेट को एक ऐसा नया सुपरस्टार मिला है, जो ऐसा इतिहास लिख रहा है जिसके बारे में शायद ही किसी को यकीन हो, जो काम बड़े-बड़े खिलाड़ी नहीं कर पाए उसे वैभव सूर्यवंशी ने 14 साल की उम्र में कर दिखाया है
14 साल और 107 दिन की उम्र में लिखा इतिहास
खबरों कीमानें तो इंग्लैंड के खिलाफ खेले जा रहे अंडर-19 यूथ टेस्ट में वैभव सूर्यवंशी ने ऐसा कमाल कर दिखाया कि पूरा क्रिकेट जगत हैरान रह गया. महज़ 14 साल और 107 दिन की उम्र में वैभव ने यूथ टेस्ट क्रिकेट में अपना पहला विकेट लेकर नया इतिहास रच दिया है. बताया जा रहा है कि भारत और इंग्लैंड के बीच चल रहे पहले यूथ टेस्ट के दूसरे दिन का खेल जब अपने चरम पर था, तब मैदान पर एक नई कहानी लिखी जा रही थी. भारत की पहली पारी में आयुष के शानदार शतक जड़ते हुए 102 रनों की शानदार पारी खेली तो अभिज्ञान के 90 और राहुल कुमार के 85 रन के दम पर भारत ने 540 रनों का पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा कर दिया. इसके जवाब में इंग्लैंड की टीम जब बल्लेबाजी करने उतरी तो शुरुआती झटकों के बावजूद कप्तान हमजा शेख और रॉकी फ्लिंटॉफ की जोड़ी ने मोर्चा संभाला. दोनों ने मिलकर 154 रनों की साझेदारी कर ली थी और ऐसा लग रहा था कि इंग्लैंड वापसी करेगा. लेकिन तभी मैदान पर बिहार के लाल ने फिरंगियों के भी होश उड़ाकर रख दिए
वैभव सूर्यवंशी ने गेंदबाजी में लिखा इतिहास
बता दें ये वाक्या मैच का 45वें ओवर में दिखा, जब वैभव की गेंदबाजी और सामने थे इंग्लैंड के कप्तान हमजा शेख, जो 84 रनों पर खेल रहे थे. ओवर की आखिरी गेंद, एक लो फुल टॉस, जिसे शेख ने लॉन्ग-ऑफ की ओर उछाल दिया. फील्ड पर मौजूद हेनिल पटेल ने शानदार कैच लपक लिया और पूरी टीम खुशी से उछल पड़ी. क्योंकि वैभव को अपना पहला यूथ टेस्ट विकेट मिला और इसी के साथ वो भारत के लिए सबसे कम उम्र में यूथ टेस्ट विकेट लेने वाले खिलाड़ी बन गए हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक इससे पहले ये रिकॉर्ड भारत के मनीषी के नाम था, जिन्होंने 2019 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ विकेट लिया था लेकिन वैभव ने 14 साल और 107 दिन की उम्र में विकेट लेकर उन्हें पीछे छोड़ दिया. ओवरऑल वर्ल्ड रिकॉर्ड अभी भी पाकिस्तान के महमूद मलिक के नाम है, जिन्होंने 13 साल और 241 दिन की उम्र में न्यूजीलैंड के खिलाफ विकेट लिया था.
सोशल मीडिया पर हर कोई कर रहा तारीफ
सोशल मीडिया पर तो मैच के बाद से ही वैभव सूर्यवंशी का नाम ट्रेंड करने लगा है. फैंस उन्हें ‘छोटा हरभजन’, ‘जूनियर जडेजा’ और ‘बाएं हाथ का बवंडर’ जैसे नामों से पुकारने लगे हैं. क्रिकेट के दिग्गजों ने भी उनकी तारीफ की है. कई पूर्व खिलाड़ियों ने ट्वीट कर कहा कि भारत को मिला है नया हीरा, जिसे सही दिशा दी जाए तो वो भविष्य में टीम इंडिया का मजबूत स्तंभ बन सकता है.