ग्वालियर में आयोजित वीरांगना बलिदान मेले में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पूर्व प्रधानमंत्री भारतरत्न अटल बिहारी वाजपेयी की 100वीं जयंती पर बड़ा ऐलान किया। सीएम ने कहा कि वाजपेयी जी की स्मृति में जल्द ही ग्वालियर में कैबिनेट बैठक आयोजित की जाएगी। वहीं, लाडली बहनों ने सीएम को आभार-पत्र सौंपा।
ग्वालियर में लाडली बहनों ने जताया आभार
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बुधवार देर रात दिल्ली से ग्वालियर पहुंचे। एयरपोर्ट पर लाडली बहनों का उत्साह देखते ही बना। उन्होंने सीएम को “आभार पाती” सौंपते हुए रक्षाबंधन उपहार के अतिरिक्त 250 रुपए देने की घोषणा के लिए धन्यवाद दिया। इस नई सौगात से प्रदेशभर की बहनों में खुशी की लहर है।
वीरांगना बलिदान मेले में सीएम की बड़ी घोषणा
वीरांगना बलिदान मेले में मुख्यमंत्री ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि भारतरत्न पूर्व प्रधानमंत्री और ग्वालियर के लाडले सपूत स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृति में ग्वालियर में कैबिनेट की बैठक आयोजित की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह बैठक न केवल वाजपेयी जी को श्रद्धांजलि होगी, बल्कि अंचल के विकास को भी गति देगी।
100वीं जयंती पर विशेष आयोजन
मुख्यमंत्री ने कहा कि वाजपेयी जी की 100वीं जयंती वर्ष में हम सभी कई स्वर्णिम क्षणों की रचना कर रहे हैं। इसी क्रम में ग्वालियर में कैबिनेट बैठक का आयोजन किया जाएगा ताकि उनकी स्मृति को स्थायी रूप दिया जा सके। इससे ग्वालियर-चंबल अंचल में विकास की नई दिशा तय होगी।