Abaan Ahmed Road Accident : माफिया और पूर्व सांसद अतीक अहमद के परिवार पर एक बार फिर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। अतीक के सबसे छोटे बेटे आबान अहमद की झांसी-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए भीषण सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसे में उनके साथ एक अन्य युवक की भी जान चली गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घटना के बाद पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंच गया और घायलों को अस्पताल भेजा गया।
भाई अली से मिलने जा रहे थे
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आबान अहमद अपने साथियों के साथ झांसी जेल में बंद बड़े भाई अली अहमद से मुलाकात करने जा रहे थे। पूंछ थाना क्षेत्र के पास उनकी तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी।
दो की मौत, तीन की हालत गंभीर
हादसे के बाद सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद आबान अहमद और उनके एक साथी को मृत घोषित कर दिया। तीन अन्य घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, शुरुआती जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और वाहन से नियंत्रण खोना माना जा रहा है। हालांकि, दुर्घटना के सही कारणों का पता लगाने के लिए घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। हादसे के समय कार की रफ्तार कितनी थी और कोई अन्य वजह तो नहीं थी, इसकी भी जांच की जा रही है।
पहले भी मुश्किलों में रहा परिवार
उमेश पाल हत्याकांड के बाद आबान अहमद और उनके भाई अहजम को नाबालिग होने के कारण बाल संरक्षण गृह भेजा गया था। बाद में अक्टूबर 2023 में दोनों को उनकी बुआ की सुपुर्दगी में सौंप दिया गया था। वहीं, अली अहमद फिलहाल झांसी जेल में बंद हैं और परिवार उनसे मिलने जा रहा था। इसी दौरान यह दर्दनाक हादसा हो गया।
इसे भी पढ़ें : Hockey World Cup 2026 में फिर होगी भारत-पाकिस्तान की टक्कर, 19 अगस्त को महामुकाबला
परिवार में फिर पसरा मातम
आबान अहमद की मौत की खबर सामने आते ही प्रयागराज और झांसी में हलचल मच गई। अस्पताल और आसपास के इलाके में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और घायलों के बयान के आधार पर हादसे की हर कड़ी को जोड़ने की कोशिश कर रही है। इस घटना के बाद अतीक अहमद के परिवार में एक बार फिर मातम का माहौल है।