Atta Veg Khichdi : खिचड़ी का नाम सुनते ही अक्सर चावल और दाल से बनी पारंपरिक खिचड़ी याद आती है. लेकिन अगर आप रोज-रोज एक जैसी खिचड़ी खाकर बोर हो चुके हैं, तो इस बार कुछ अलग ट्राई कर सकते हैं. गेहूं के आटे और सब्जियों से बनने वाली आटा वेजिटेबल खिचड़ी स्वाद में काफी अलग और बनाने में आसान है. इसमें साबुत मसालों का इस्तेमाल करने से इसका स्वाद और खुशबू दोनों बढ़ जाते हैं.
1 कप आटे से तैयार होगी खिचड़ी
इस रेसिपी के लिए आपको बहुत ज्यादा सामग्री की जरूरत नहीं पड़ेगी. एक कप गेहूं का आटा, अपनी पसंद की कुछ सब्जियां, थोड़ा तेल या घी और कुछ साबुत मसाले लेकर इसे आसानी से तैयार किया जा सकता है. आप इसमें गाजर, मटर, बीन्स, शिमला मिर्च या अपनी पसंद की दूसरी सब्जियां भी शामिल कर सकते हैं.
ऐसे तैयार करें आटा वेज खिचड़ी
सबसे पहले एक कड़ाही या कुकर में थोड़ा घी या तेल गर्म करें. इसमें जीरा, तेजपत्ता और अपनी पसंद के साबुत मसाले डालकर हल्का भूनें. इसके बाद बारीक कटी सब्जियां डालें और कुछ मिनट तक पकाएं. अब इसमें गेहूं का आटा डालकर धीमी आंच पर अच्छी तरह भूनें। आटे की खुशबू आने लगे तो जरूरत के अनुसार पानी और नमक डालकर लगातार चलाएं, ताकि गांठें न बनें.
मसाले डालकर पकाए
अब इसमें हल्दी, लाल मिर्च और स्वाद के अनुसार दूसरे मसाले डालें. मिश्रण को अच्छी तरह मिलाकर ढक दें और आटे के नरम होने तक पकाएं। अगर आप कुकर में बना रहे हैं तो इसे ज्यादा देर तक पकाने की जरूरत नहीं होगी। तैयार खिचड़ी को ऊपर से थोड़ा घी डालकर गर्मागर्म परोस सकते हैं.
दही या अचार के साथ करें सर्व
आटा वेजिटेबल खिचड़ी को आप लंच या डिनर में परोस सकते हैं. इसे दही, अचार या पापड़ के साथ खाने पर स्वाद और बढ़ जाता है। खास बात यह है कि इसमें सब्जियां शामिल होने से यह सामान्य खिचड़ी से अलग और स्वादिष्ट विकल्प बन जाती है. घर में मौजूद सामान्य सामग्री से बनने वाली यह रेसिपी आपके रोज के खाने में भी बदलाव ला सकती है.