Atte Ka Halwa : अगर मीठे में आपको हलवा पसंद है और हर बार सूजी या गाजर का हलवा बनाकर बोर हो चुके हैं, तो इस बार गेहूं के आटे से बनने वाला स्वादिष्ट हलवा जरूर ट्राई करें. इसे कई जगह आटे का शीरा भी कहा जाता है। यह रेसिपी बनाने में आसान है और इसके लिए घर में मौजूद कुछ सामान्य सामग्री ही काफी होती है.
आटे का हलवा बनाने के लिए सामग्री
इसके लिए गेहूं का आटा, देसी घी, चीनी और पानी की जरूरत होगी. स्वाद और खुशबू बढ़ाने के लिए इलायची पाउडर डाल सकते हैं। इसके अलावा कटे हुए बादाम, काजू या किशमिश से हलवे को गार्निश किया जा सकता है.
आटे को अच्छी तरह भूनना जरूरी
सबसे पहले कड़ाही में देसी घी गर्म करें और उसमें गेहूं का आटा डालें। इसे धीमी से मध्यम आंच पर लगातार चलाते हुए भूनें. आटा धीरे-धीरे सुनहरा होने लगेगा और घी के साथ अच्छी तरह मिलकर खुशबू देने लगेगा। हलवे का स्वाद बेहतर बनाने के लिए आटे को कच्चा न छोड़ें.
ऐसे तैयार करें हलवे का मिश्रण
जब आटा अच्छी तरह भुन जाए तो इसमें धीरे-धीरे गर्म पानी डालें. इस दौरान लगातार चलाते रहें, ताकि गुठलियां न बनें. पानी डालते ही मिश्रण गाढ़ा होने लगेगा। अब इसमें चीनी मिलाकर कुछ देर पकाएं.
दानेदार और रसीला बनेगा हलवा
चीनी घुलने के बाद हलवे को तब तक पकाएं, जब तक वह कड़ाही छोड़ने न लगे और घी अलग दिखाई देने लगे. अगर आपको हलवा थोड़ा रसीला पसंद है, तो पानी की मात्रा थोड़ी ज्यादा रख सकते हैं। अंत में इलायची पाउडर डालकर अच्छी तरह मिला दें.
ड्राई फ्रूट्स से करें सजावट
तैयार आटे के हलवे को कटोरी या प्लेट में निकालें और ऊपर से कटे हुए काजू, बादाम और किशमिश डालें। गरमागरम हलवे का स्वाद खासतौर पर सर्द मौसम में बेहद अच्छा लगता है.
ध्यान रखें ये छोटी बातें
हलवा बनाते समय आटे को अच्छी तरह भूनना सबसे जरूरी है. पानी हमेशा सावधानी से डालें और लगातार चलाते रहें। इससे हलवा ज्यादा स्वादिष्ट, खुशबूदार और बिना गुठलियों के तैयार होगा.