Meerut News: बाइक से दवा लेने जा रहे कुछ लोगों में दंपती पर कातिलाना हमला कर दिया। पहले आरोपियों ने दंपती की लात घूंसों और लाठी डंडों से जमकर पिटाई की और फिर बाइक की टंकी में आग लगाकर जिंदा जलाने का प्रयास किया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने एक आरोपी को नामजद करते हुए पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीम दबिश दे रही है।
टक्कर लगते ही दंपती गिर गया
लिसाड़ी गेट थाने में गुलिस्ता गाठन ऑफिस निवासी शाहनवाज ने दर्ज कराए मुकदमे में बताया, शनिवार रात 11 बजे वह पत्नी बुशरा को बाइक से दवा दिलाने के लिए जा रहे थे, जब वह पलक धर्म कांटे के पास पहुंचे तभी अजहर निवासी हरी मस्जिद पो दीने वाले खेत के पास अपाची बाइक पर अपने पांच अन्य दोस्तों के साथ आया और उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दंपती गिर गया।
जिंदा जलाने के इरादे से बाइक की टंकी में लगाई थी आग
आरोप है कि इसके बाद अजहर ने अपने दोस्तों के साथ गाली-गलौज करते हुए लात घूंसों से हमला कर दिया और बाइक के पास ही गिराकर लाठी डंडों से हमला किया। आरोप है कि आरोपियों ने जिंदा जलाने के इरादे से बाइक की टंकी में आग लगा दी। किसी तरह दंपती ने वहां से भागकर घर पहुंचे। पीड़ित के भाई ने डायल-112 पर घटना की सूचना पुलिस को दी, लेकिन तक तक आरोपी भाग चुके थे।
पांच अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज
लिसाड़ी गेट थाना पुलिस का कहना है कि एक आरोपी को नामजद करते हुए पांच अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों को पकड़ने के लिए टीम संभावित स्थानों पर दबिश दे रही है। जल्द आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।