भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच साइबर हमले की खबर सामने आई है। मध्यप्रदेश बीजेपी की आधिकारिक वेबसाइट को हैक करने की कोशिश की गई। शनिवार सुबह कुछ यूजर्स ने जब वेबसाइट ओपन की तो वहां पाकिस्तान ऑपरेशन से जुड़ा संदिग्ध संदेश दिखाई दिया। फिलहाल वेबसाइट पर "भारतीय जनता पार्टी" और "404 एरर" लिखा आ रहा है। बीजेपी से जुड़े सूत्रों के मुताबिक शनिवार सुबह यूजर्स को एमपी बीजेपी की वेबसाइट पर एक पाक ऑपरेशन से जुड़ा संदेश दिखाई दिया। यह घटना ऐसे वक्त में सामने आई है जब भारत-पाकिस्तान के बीच तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। हालांकि बीजेपी की और से अभी कोई भी आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है..
404 एरर से मची खलबली
कुछ समय बाद वेबसाइट पर केवल "भारतीय जनता पार्टी" और "404" लिखा हुआ दिखाई देने लगा। इससे यूजर्स को भ्रम हुआ और साइबर अटैक की आशंका गहराने लगी।
आईटी सेल ने तुरंत संभाला मोर्चा
बीजेपी की आईटी टीम को जैसे ही हैकिंग की सूचना मिली, उन्होंने तुरंत वेबसाइट को रिस्टोर करने की प्रक्रिया शुरू कर दी। तकनीकी विशेषज्ञ इस घटना की गहराई से जांच कर रहे हैं।
प्रदेश मीडिया प्रभारी ने दी जानकारी
बीजेपी के प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल ने बताया कि वेबसाइट हैक होने की सूचना सुबह मिली थी। उनकी टीम ने तत्काल एक्शन लेकर वेबसाइट को रिकवर कर लिया है।
राष्ट्रीय वेबसाइट पर कोई असर नहीं
प्रभारी आशीष अग्रवाल ने यह भी स्पष्ट किया कि राष्ट्रीय बीजेपी वेबसाइट पूरी तरह सुरक्षित है और केवल एमपी यूनिट की साइट पर यह दिक्कत सामने आई थी।