पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी एक युवती के साथ दो युवकों ने दुष्कर्म का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपियों ने पीड़िता के कपड़े फाड़ दिए। शोर सुनकर मौके पर लोगों को आता देख आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। पीड़िता के भाई की तहरीर पर पुलिस ने दोनों युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। नगर के एक मोहल्ला निवासी युवक ने बताया कि उसकी 20 वर्षीय बहन सिलाई-कढ़ाई का काम करती है।
कब्रिस्तान के पास सुनसान स्थान पर ले गए
बीती 08 दिसंबर की शाम को उसकी बहन पिता की दवा लेने के लिए मेडिकल स्टोर पर जा रही थी। तभी मोहल्ला सद्दीकपुरा निवासी फहीम और मोहल्ला गढ़ी निवासी बिज्जू ने उसकी बहन का रास्ता रोक लिया। दोनों युवकों का उसके घर पर आना-जाना है। पीड़ित ने बताया कि दोनों आरोपी उसकी बहन को कब्रिस्तान के पास सुनसान स्थान पर ले गए। आरोप है कि दोनों आरोपियों ने उसके नाजुक अंगों से छेड़छाड़ करते हुए उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया।
आरोपी को जान से मारने की धमकी
विरोध करने पर आरोपियों ने उसकी बहन के कपड़ों को भी फाड़ दिया।
पीड़िता का शोर सुनकर मौके पर लोगों को आता देख आरोपी को जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। आरोपियों की हरकत के बाद से उनकी बहन गुमशुम रहने लगी। जिसके बाद उसने परिजन को इस बात की जानकारी दी। अब पीड़िता के भाई की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पिलखुवा कोतवाली प्रभारी निरीक्षक श्यौपाल सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।