मेरठ। महिला ने पड़ोसी पर छेड़छाड़ और दुष्कर्म के प्रयास का आरोप लगाया है। आरोपी की करतूत घर के बाहर लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। पीड़िता का आरोप है कि शिकायत करने पर भी पुलिस ने आरोपी पर कार्रवाई नहीं की है, जबकि आरोपी लगातार पुलिस से शिकायत करने पर भुगत लेने की धमकी दे रहा है। पीड़िता ने पुलिस अधिकारियों को आरोपी करतूत की सीसीटीवी फुटेज देकर कार्रवाई की मांग की है। अधिकारियों में थाना पुलिस को जांच कर आरोपी पर कड़ी कार्रवाई का आश्वासन पीड़िता को दिया है।
लोहिया नगर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला शनिवार को पुलिस आफिस पहुंची और वहां मौजूद अधिकारियों को शिकायती पत्र दिया। पुलिस अधिकारियों को शिकायती पत्र देने के बाद पीड़िता ने बताया, 23 अप्रैल को घर के बाहर चारपाई पर बैठी थी। तभी पड़ोसी वहां आया। आरोपी ने छेड़छाड़ करते हुए दुष्कर्म का प्रयास किया। पीड़िता ने बताया, किसी तरह उसने आरोपी से अपनी जान बचाई। आरोपी की करतूत की यह घटना घर के बाहर लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। पीड़िता का आरोप है कि जब उसने पूरे मामले की शिकायत आरोपी के परिजनों से की तो उन्होंने शिकायत को अनसुना कर दिया। इसके बाद वह चौकी पहुंची और चौकी इंचार्ज को वीडियो भी दिखाते हुए आरोपी पर कार्रवाई करने की मांग की, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई करने के बजाय उसे धमकाकर भगा दिया। पीड़िता के मुताबिक 25 अप्रैल को आरोपी फिर घर पर आया और उसके साथ छेड़छाड़ की। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी।
आरोप है कि उसी दिन शाम को आरोपी ने परिजनों के साथ घर में घुसकर मारपीट की, जिसमें पीड़िता के सिर में गंभीर चोट लग गई। लोहिया नगर पुलिस ने मारपीट का मुकदमा दर्ज कर लिया, लेकिन छेड़छाड़ और दुष्कर्म के प्रयास का मुकदमा दर्ज नहीं किया। पीड़िता ने बताया, पुलिस अधिकारियों ने थाना पुलिस को जांच के बाद आरोपी पर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।