नोएडा। थाना बीटा-2 क्षेत्र के ऐच्छर इलाके में रविवार को एक संवेदनशील मामला सामने आया, जहां कुछ महिलाओं को एकत्र कर धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित करने की सूचना मिली। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, सूचना मिलते ही बीटा-2 थाना पुलिस मौके पर पहुंची। जांच में पता चला कि टैक्सी चालक सुरेश (पुत्र शंकर लाल, मूल निवासी बांसवाड़ा, राजस्थान; वर्तमान पता सी-28, सिग्मा-2, ग्रेटर नोएडा) अपनी पत्नी और साली के साथ मिलकर ऐच्छर निवासी चंद किरण (पुत्र गजे सिंह प्रजापति निवासी ऐच्छर ग्रेटर नोएडा) के साथ कुछ महिलाओं को एकत्र कर उन्हें ईसाई धर्म के बारे में जानकारी दे रहे थे।
पुलिस ने इस मामले में उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म परिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। दोनों आरोपियों सुरेश और चंद किरण को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस आगे की जांच कर रही है और अन्य संभावित संलिप्त लोगों की तलाश जारी है।
पुलिस ने कहा कि ऐसी किसी भी गैरकानूनी गतिविधि पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।