
PM Modi Birthday: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिन पर उन्हें मिले उपहारों की नीलामी का शुभारंभ हो गया है। हर साल की तरह इस बार भी पीएम को देश-विदेश से मिले 1300 से ज्यादा तोहफों को ऑनलाइन नीलामी के लिए रखा गया है। यह नीलामी 17 सितंबर से शुरू होकर 2 अक्टूबर तक चलेगी। खास बात यह है कि इस नीलामी से जुटाई गई रकम गंगा नदी की सफाई के लिए चल रहे ‘नमामि गंगे मिशन’ में दान की जाएगी। इससे लोगों को एक ओर जहां अनोखे उपहार खरीदने का मौका मिलता है, वहीं दूसरी ओर एक बड़े सामाजिक कार्य में योगदान देने का अवसर भी मिलता है।
नीलामी का इतिहास और उपलब्धियां
पीएम मोदी के तोहफों की नीलामी की पहल वर्ष 2019 में शुरू हुई थी और तब से यह परंपरा हर साल निभाई जा रही है। पिछले 6 वर्षों में करीब 7000 उपहार नीलाम किए जा चुके हैं, जिनसे अब तक लगभग 50.33 करोड़ रुपये जुटाए गए हैं। पूरी रकम ‘नमामि गंगे’ परियोजना को सौंपी जाती है। इस पहल ने लोगों में जागरूकता के साथ-साथ धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व की वस्तुओं को खरीदने का अवसर भी दिया है।
क्या है इस बार खास और कैसे लें हिस्सा
इस बार नीलामी में पैरालिंपिक्स 2024 खिलाड़ियों द्वारा उपयोग किए गए जूते, देवी-देवताओं की मूर्तियां, तलवारें, पेंटिंग्स और मंदिर से जुड़ी वस्तुएं शामिल हैं। इनमें सबसे महंगी वस्तु तुल्जा भवानी की मूर्ति है, जिसकी शुरुआती कीमत 1.03 करोड़ रुपये तय की गई है। वहीं खेल प्रेमियों के लिए पैरालिंपिक्स मेडल विजेताओं निषाद कुमार, अजीत सिंह और सिमरन शर्मा के जूते भी नीलामी में रखे गए हैं, जिनकी शुरुआती बोली 7.70 लाख रुपये है। आम लोगों के लिए गिफ्ट्स 1700 रुपये से भी शुरू हो रहे हैं। नीलामी में हिस्सा लेने के लिए आधिकारिक वेबसाइट www.pmmementos.gov.in पर जाकर ऑनलाइन बोली लगाई जा सकती है।