भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच वनडे सीरीज का आगाज 19 अक्टूबर से होने जा रहा है. इस सीरीज का पहला मुकाबला पर्थ के ऑप्टस स्टेडियम में खेला जाएगा. वहीं इस मैच से पहले टीम इंडिया ने शुक्रवार को मैदान पर जमकर अभ्यास किया. इस दौरान करीब तीन घंटे चले प्रैक्टिस सेशन में खिलाड़ियों ने सबसे ज्यादा मेहनत फील्डिंग और कैचिंग पर की. इसके बाद बल्लेबाजों और गेंदबाजों ने मैच की स्थिति को ध्यान में रखते हुए अभ्यास किया.
गिल ने रोहित के प्रति दिखाया सम्मान
वहीं प्रैक्टिस के दौरान रोहित शर्मा और शुभमन गिल साथ में बल्लेबाजी करते दिखाई दिए, जबकि विराट कोहली और श्रेयस अय्यर ने नेट्स में एक साथ अभ्यास किया. वहीं अभ्यास के दौरान सबसे खास बात यह देखने को मिली कि टीम के नए वनडे कप्तान बने शुभमन गिल ने रोहित शर्मा के प्रति पूरा सम्मान दिखाया. साथ ही दोनों खिलाड़ियों के बीच मैदान पर लंबी बातचीत हुई. शुभमन ने पहले पिच का मुआयना किया और फिर रोहित से ऑस्ट्रेलियाई हालात और पिच के बर्ताव को लेकर चर्चा की.
गिल और रोहित के बीच दिखा बेहतरीन तालमेल
भले ही टीम इंडिया के फैंस रोहित शर्मा को कप्तानी से हटाए जाने से नाराज हों, लेकिन मैदान पर गिल और रोहित के बीच बेहतरीन तालमेल और आपसी सम्मान नजर आया. रोहित ने इससे पहले गुरुवार को हुए ऑप्शनल प्रैक्टिस सेशन में भी हिस्सा लिया था और वहां गौतम गंभीर के साथ बातचीत करते नजर आए थे.
प्रैक्टिस सेशन में कोहली दिखे आक्रामक
वहीं दूसरी तरफ विराट कोहली ने शुक्रवार को नेट्स में खूब पसीना बहाया. रिपोर्ट्स की मानें तो कोहली प्रैक्टिस के दौरान बेहद फोकस्ड और आक्रामक नजर आए. उन्होंने खास तौर पर स्पिन गेंदबाजों के खिलाफ जोरदार शॉट्स खेले. कोहली का बल्ला पर्थ की पिच पर पहले भी खूब चला है. अब देखना यह होगा कि 19 अक्टूबर को होने वाले पहले वनडे में वह अपने दमदार फॉर्म को बरकरार रख पाते हैं या फिर नहीं.