टी20 वर्ल्ड कप 2026 शुरू होने में अब गिनती के दिन बचे हैं लेकिन उससे पहले ऑस्ट्रेलियाई टीम की मुश्किलें बढ़ गई हैं। टीम के सबसे भरोसेमंद तेज गेंदबाज और अनुभवी खिलाड़ी पैट कमिंस चोट के कारण पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। कमिंस की पीठ की पुरानी समस्या अब भी पूरी तरह ठीक नहीं हुई है। मेडिकल टीम ने उन्हें आराम और रिहैब की सलाह दी है। ऐसे में चयनकर्ताओं को मजबूरन टीम में बदलाव करना पड़ा है।
पैट कमिंस की जगह बेन ड्वार्शियस की एंट्री
कमिंस के बाहर होने के बाद ऑस्ट्रेलिया ने बाएं हाथ के तेज गेंदबाज बेन ड्वार्शियस को 15 सदस्यीय टीम में शामिल किया है। ड्वार्शियस हाल के समय में घरेलू और फ्रेंचाइजी क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन कर चुके हैं। टीम मैनेजमेंट को उम्मीद है कि वह नई गेंद और डेथ ओवरों में अहम भूमिका निभा सकते हैं। हालांकि कमिंस जैसे अनुभवी गेंदबाज की कमी टीम को जरूर खलेगी।
मैथ्यू शॉर्ट भी हुए बाहर
ऑस्ट्रेलिया के स्क्वॉड में एक और बड़ा बदलाव देखने को मिला है। ऑलराउंडर मैथ्यू शॉर्ट को टीम से बाहर कर दिया गया है। उनकी जगह इन फॉर्म बल्लेबाज मैट रेनशॉ को मौका मिला है। इसके अलावा स्टार खिलाड़ी स्टीव स्मिथ को भी इस टी20 वर्ल्ड कप के लिए टीम में शामिल नहीं किया गया है। यह फैसला भी काफी चर्चा में है।
फिट होकर लौटे अहम खिलाड़ी
ऑस्ट्रेलिया के लिए राहत की बात यह है कि कुछ अहम खिलाड़ी फिट होकर लौट आए हैं। जोश हेजलवुड, टिम डेविड और नाथन एलिस को पूरी तरह फिट घोषित किया गया है। हेजलवुड एशेज से पहले चोटिल हो गए थे जबकि टिम डेविड और नाथन एलिस भी हाल ही में चोट के कारण कई मैच नहीं खेल पाए थे।
इसे भी पढ़ें : T20 World Cup से पहले Australia को बड़ा झटका पैट कमिंस बाहर स्क्वॉड में हुए अहम बदलाव
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए ऑस्ट्रेलिया का स्क्वॉड
टी20 वर्ल्ड कप के लिए ऑस्ट्रेलिया की 15 सदस्यीय टीम इस प्रकार है। मिचेल मार्श कप्तान होंगे। उनके साथ जेवियर बार्टलेट, कूपर कॉनोली, टिम डेविड, बेन ड्वार्शियस, कैमरन ग्रीन, नाथन एलिस, जोश हेजलवुड, ट्रैविस हेड, जोश इंग्लिस, मैथ्यू कुह्नमैन, ग्लेन मैक्सवेल, मैट रेनशॉ, मार्कस स्टोइनिस और एडम जम्पा शामिल हैं।
कब और कहां होंगे ऑस्ट्रेलिया के मुकाबले
टी20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत 7 फरवरी से होगी। ऑस्ट्रेलिया अपना पहला मैच 11 फरवरी को आयरलैंड के खिलाफ खेलेगा। इसके बाद 13 फरवरी को जिम्बाब्वे से भिड़ंत होगी। शुरुआती दोनों मुकाबले कोलंबो में खेले जाएंगे। 16 फरवरी को कंगारू टीम श्रीलंका से पल्लेकेले में भिड़ेगी जबकि 20 फरवरी को ओमान के खिलाफ ग्रुप स्टेज का आखिरी मैच होगा। ऑस्ट्रेलिया को ग्रुप बी में रखा गया है।