Career Choice Mistakes: सीबीएसई और यूपी बोर्ड समेत देश के तमाम बड़े बोर्ड्स के नतीजे आ चुके हैं। रिजल्ट घोषित होने के बाद अब तमाम छात्र अपने करियर और कॉलेज एडमिशन को लेकर तैयारी कर रहे हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि हर साल हजारों छात्र केवल जानकारी के अभाव में गलत कोर्स या कॉलेज चुन लेते हैं? जी हां इस दौरान कई छात्र जल्दबाजी, दोस्तों के दबाव या फिर सिर्फ कॉलेज के नाम से प्रभावित होकर गलत फैसले ले लेते हैं।
सोच समझकर कदम उठाना बहुत जरूरी
एक्सपर्ट्स का मानना है कि 12वीं के बाद लिया गया फैसला छात्रों के करियर, कॉन्फिडेंस और फ्यूचर की दिशा तय करता है। इसलिए इस समय सोच समझकर कदम उठाना बहुत जरूरी है। ऐसे में आइए जानते हैं कि उन गलतियों के बारे में जो 12वीं के बाद अक्सर छात्र कर देते हैं, जिन फैसलों पर उन्हें जिंदगी भर पछतावा होता है।
पॉपुलैरिटी देखकर न लें एडमिशन
एक्सपर्ट्स का कहना है कि कई बार छात्र कॉलेज की चमक-धमक और उसकी लोकप्रियता देखकर एडमिशन ले लेते हैं। लेकिन किसी भी संस्थान का चयन उसकी पॉपुलैरिटी देखकर नहीं करना चाहिए। बिना बैकग्राउंड चेक किए किसी भी संस्थान में दाखिला न लें। फर्जी संस्थानों के चक्कर में आपका साल और पैसा दोनों बर्बाद हो सकते हैं।
बजट और लोकेशन की न करें अनदेखी
कॉलेज चुनते समय सिर्फ कोर्स अच्छा होना काफी नहीं है। आपको यह भी देखना होगा कि कॉलेज आपके बजट में है कि नहीं, वहां का माहौल और लोकेशन आपके रहने और सीखने के लिए अनुकूल है या नहीं? कई बार छात्र आखिरी समय तक आवेदन टालते रहते हैं, जिसकी वजह से अच्छे कॉलेज या पसंदीदा ब्रांच में एडमिशन का मौका छूट जाता है।
अपनी रुचि को न भूलें
वहीं करियर काउंसलर के अनुसार बड़ी संख्या में छात्र अपनी रुचि के बजाय ट्रेंड या परिवार के दबाव में कोर्स चुन लेते हैं। लेकिन परिवार के दबाव या मार्केट ट्रेंड में आकर लिया गया फैसला आगे चलकर मानसिक तनाव और करियर में निराशा पैदा करता है। कोर्स वहीं चुनना जिसमें आपकी रुचि हो।
महंगे प्रोफेशनल कोर्स में सोच के लें दाखिला
कई छात्र यह बिना समझे महंगे प्रोफेशनल कोर्स में एडमिशन ले लेते हैं कि आगे उस फील्ड में अवसर कितने हैं। ऐसे में बाद में आर्थिक दबाव और करियर की चिंता दोनों बढ़ सकती है।