Awarapan 2 Poster: इमरान हाशमी की आने वाली फिल्म ‘आवारापन 2’ इन दिनों अपने ट्रेलर और पोस्टर को लेकर चर्चा में है। हालांकि इस बार चर्चा फिल्म की कहानी या स्टारकास्ट से ज्यादा इसके पोस्टर को लेकर हो रही है। सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने दावा किया है कि फिल्म का नया पोस्टर हॉलीवुड की चर्चित स्पाई थ्रिलर सीरीज ‘होमलैंड’ के आर्टवर्क से काफी मिलता-जुलता नजर आ रहा है। पोस्टर में दिखने वाला बैकग्राउंड, मुख्य किरदार का पीछे मुड़कर देखना, आसपास मौजूद लोगों की मौजूदगी और रंगों का इस्तेमाल लोगों को ‘होमलैंड’ की याद दिला रहा है। कुछ लोग इसे कॉपी बता रहे हैं तो कुछ इसे सिर्फ प्रेरणा मान रहे हैं। हालांकि, फिल्म मेकर्स की ओर से इस मामले पर अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
2007 की फिल्म का सीक्वल है आवारापन 2
इमरान हाशमी की फिल्म ‘आवारापन 2’ साल 2007 में रिलीज हुई फिल्म ‘आवारापन’ का दूसरा भाग है। इस फिल्म में एक बार फिर इमरान हाशमी शिवम पंडित के किरदार में नजर आएंगे। फिल्म में उनके साथ दिशा पाटनी और शबाना आजमी भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगी। फिल्म का निर्देशन नितिन कक्कड़ ने किया है और यह 14 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।
8 सीजन और 96 एपिसोड वाली ‘होमलैंड’ क्यों है खास?
जिस वेब सीरीज से ‘आवारापन 2’ के पोस्टर की तुलना की जा रही है, वह अमेरिकी स्पाई थ्रिलर ‘होमलैंड’ है। साल 2011 में शुरू हुई यह सीरीज 2020 तक चली और इसके कुल 8 सीजन में 96 एपिसोड हैं। इस सीरीज में क्लेयर डेन्स और डेमियन लुईस ने शानदार अभिनय किया था। इसकी कहानी सीआईए अधिकारी कैरी मैथिसन के इर्द-गिर्द घूमती है, जो एक अमेरिकी सैनिक पर शक करती है कि वह दुश्मन देश के लिए काम कर रहा हो सकता है। जासूसी, राजनीतिक साजिश, मानसिक संघर्ष और जबरदस्त सस्पेंस से भरपूर इस सीरीज को दुनियाभर में काफी पसंद किया गया। इसे कई प्रतिष्ठित पुरस्कार भी मिले हैं।
यह भी पढ़ें: आकांक्षा का बड़ा बयान- 'गौरव खन्ना से तलाक टीआरपी के लिए नहीं', बोलीं- जल्द पूरी होगी प्रक्रिया
स्पाई थ्रिलर पसंद है तो जरूर देखें ‘होमलैंड’
'होमलैंड’ सिर्फ जासूसी और एक्शन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह किरदारों के अंदर चल रहे संघर्ष, फैसलों की उलझन और सत्ता के खेल को भी दिखाती है। यही वजह है कि रिलीज के कई साल बाद भी यह सीरीज दर्शकों के बीच लोकप्रिय बनी हुई है। भारत में इस सीरीज को जियोहॉटस्टार पर देखा जा सकता है। ‘आवारापन 2’ के पोस्टर को लेकर शुरू हुई चर्चा ने एक बार फिर इस शानदार स्पाई थ्रिलर को सुर्खियों में ला दिया है।