बुलन्दशहर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बुलन्दशहर दिनेश कुमार सिंह के निर्देशन में “सड़क सुरक्षा माह” अभियान के तहत जनपद में लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में क्रिटिकल कॉरिडोर टीम थाना छतारी द्वारा एसवाईएम इंटर कॉलेज छतारी के एनसीसी कैडेट्स एवं विद्यालय के अध्यापकों के सहयोग से एक भव्य सड़क सुरक्षा जागरूकता रैली का आयोजन किया गया।
रैली थाना छतारी क्षेत्र के पन्ड्रावल चौराहे से निकाली गई, जिसमें पुलिस कर्मियों, एनसीसी कैडेट्स और शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली के दौरान प्रतिभागियों ने हाथों में सड़क सुरक्षा से संबंधित स्लोगन और बैनर लेकर आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया।
एनसीसी कैडेट्स और पुलिस कर्मियों ने लोगों से हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, तेज गति से वाहन न चलाने, नशे की हालत में ड्राइविंग न करने तथा पैदल चलने वालों को प्राथमिकता देने की अपील की। रैली के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि थोड़ी सी सावधानी और नियमों का पालन कर सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को रोका जा सकता है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि “सड़क सुरक्षा माह” का मुख्य उद्देश्य लोगों में यातायात नियमों के प्रति जिम्मेदारी का भाव पैदा करना है, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके। उन्होंने कहा कि युवा वर्ग, विशेषकर एनसीसी कैडेट्स, समाज में सकारात्मक संदेश फैलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए पुलिस और एनसीसी कैडेट्स का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम के अंत में सभी से यातायात नियमों का पालन करने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की गई।