उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले से एक हैरान कर देने वाली प्रेम कहानी सामने आई है, जो इन दिनों पूरे इलाके में चर्चा का केंद्र बनी हुई है. यहां एक 55 वर्षीय अधेड़ व्यक्ति अपने ही बेटे की मंगेतर को लेकर न सिर्फ फरार हो गया, बल्कि निकाह करके उसे पत्नी भी बना लाया. इस घटना ने न सिर्फ परिवार बल्कि पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया. मामला इतना बढ़ा कि घर में जमकर लात-घूंसे चले, फिर पंचायत बैठी और आखिरकार इस 'नवविवाहित जोड़े' को गांव से बाहर कर दिया गया.
बेटे की तय की थी शादी, खुद दिल दे बैठे ससुर
यह अजीबोगरीब मामला थाना भोट क्षेत्र के एक गांव का है, जहां रहने वाले एक ग्रामीण ने करीब एक साल पहले अपने बेटे के लिए अजीमनगर थाना क्षेत्र की एक युवती से रिश्ता तय किया था. रिश्ते के बाद शादी की तारीख भी पक्की हो चुकी थी और दोनों परिवारों में खुशी का माहौल था. लेकिन इसी दौरान पिता का उस युवती के मायके में आना-जाना कुछ ज्यादा ही बढ़ गया.
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, इसी बीच दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गईं और बेटे की मंगेतर ससुर को ही दिल दे बैठी. दोनों ने समाज और रिश्तों की मर्यादा को दरकिनार करते हुए साथ जीने का फैसला कर लिया.
बहू को डॉक्टर को दिखाने के बहाने लेकर हुआ फरार
करीब आठ दिन पहले अधेड़ अपने बेटे की मंगेतर को यह कहकर कार में बिठाकर ले गया कि उसकी तबीयत ठीक नहीं है और डॉक्टर को दिखाने ले जा रहा है. शाम तक जब दोनों वापस नहीं लौटे तो युवती के परिजनों ने संपर्क किया. इस पर ससुर ने बताया कि लड़की को अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
लेकिन दो दिन बाद भी कोई जानकारी न मिलने पर जब परिवार ने दोबारा संपर्क किया तो वह टाल-मटोल करने लगा. इस बीच दोनों कहां हैं, इसका कोई अता-पता नहीं था.
घर लौटे तो साथ में थी नई दुल्हन
आठ दिन बाद जब यह जोड़ा अचानक गांव लौटा तो पूरे घर में कोहराम मच गया. बेटे ने जब अपनी मंगेतर को पिता की दुल्हन बनकर घर में देखा तो आपा खो बैठा. पिता-पुत्र के बीच जमकर हाथापाई हुई. यहां तक कि मां (अब सास से सौतन बनी) और बहू के बीच भी तीखी नोकझोंक हुई. देखते ही देखते मामला इतना बिगड़ गया कि दोनों पक्ष एक-दूसरे की जान लेने पर उतारू हो गए.
गांव से बाहर निकाला गया जोड़ा
स्थानीय लोगों ने किसी तरह मामला शांत कराया और शाम को गांव में पंचायत बैठाई गई.पंचायत में बेटे और पत्नी ने स्पष्ट कर दिया कि वो इस रिश्ते को किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं करेंगे. हालात को भांपते हुए अधेड़ अपनी नई दुल्हन को लेकर मौके से निकल गया.
अब यह जोड़ा शहजादनगर थाना क्षेत्र के एक गांव में शरण लेकर रह रहा है. जबकि युवती के मायके पक्ष ने आर्थिक स्थिति खराब होने के चलते पूरे मामले में चुप्पी साध ली है.
गांव में बना चर्चा का विषय
बेटे की मंगेतर से पिता की शादी की यह अनोखी और विवादास्पद प्रेम कहानी रामपुर जिले ही नहीं, बल्कि आस-पास के क्षेत्रों में भी चर्चा का विषय बनी हुई है. लोग इसे रिश्तों की मर्यादा से खिलवाड़ बता रहे हैं, जबकि कुछ इसे ‘प्यार की जीत’ का नाम दे रहे हैं. सोशल मीडिया पर भी यह मामला तेजी से वायरल हो रहा है.
इस घटना ने साबित कर दिया है कि प्यार न उम्र देखता है, न रिश्ते और न ही समाज के बनाए नियम. लेकिन इस प्यार की कीमत एक पूरे परिवार को चुकानी पड़ी, जिसमें बेटे की मंगेतर अब उसकी सौतेली मां बन चुकी है.