
ग्रेटर नोएडा के दनकौर क्षेत्र के रीलखा गांव में रविवार रात एक परिवार पर पड़ोसियों ने लोहे की रोड और कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया। घटना उस समय हुई जब गांव निवासी जयप्रकाश अपने घर के बाहर खड़े थे और कुछ पड़ोसी लोहे की नाल में पोटाश डालकर धमाका कर रहे थे। जयप्रकाश ने इसका विरोध किया, जिससे विवाद बढ़ गया। आरोप है कि पड़ोसी गाली-गलौज करते हुए जयप्रकाश के घर में घुस आए और उनके परिवार पर हमला कर दिया।
नोएडा के अस्पताल में भर्ती कराया गया
इस हमले में जयप्रकाश, उनकी पत्नी, बेटी, बेटा और एक अन्य महिला गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को लहूलुहान हालत में ग्रेटर नोएडा के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कई की हालत चिंताजनक बनी हुई है। पीड़ित पक्ष ने चार लोगों को नामजद करते हुए सोमवार को कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायत के आधार पर कानूनी कार्रवाई
सूरजपुर कोतवाली पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यह घटना गांव में तनाव का कारण बन गई है और स्थानीय लोग सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंतित हैं। पुलिस अब आरोपियों की गिरफ्तारी और मामले की निष्पक्ष जांच में जुटी है।