
26.17 lakh diyas lighting: दीपोत्सव 2025 के अवसर पर भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या ने एक बार फिर इतिहास रच दिया। सरयू तट पर एक साथ 26 लाख 17 हजार 215 दीये जलाकर अयोध्या ने गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम किया। इस भव्य आयोजन में पूरा शहर दीपों की सुनहरी रोशनी से नहा उठा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दीपोत्सव कार्यक्रम में भाग लिया और गिनीज टीम से दो विश्व रिकॉर्ड के प्रमाणपत्र प्राप्त किए — एक रिकॉर्ड एक साथ सबसे ज्यादा लोगों द्वारा दीप जलाने का और दूसरा तेल के दीयों के सबसे बड़े प्रदर्शन का। 2017 में महज एक लाख दीयों से शुरू हुआ यह दीपोत्सव अब विश्व पटल पर अयोध्या की पहचान बन गया है।
भव्य आयोजन में उमड़ा जनसैलाब
मुख्यमंत्री योगी ने भगवान राम, सीता और लक्ष्मण का स्वरूप धारण किए कलाकारों की पूजा-अर्चना कर दीपोत्सव की शुरुआत की। पूरा अयोध्या क्षेत्र जय श्रीराम के नारों से गूंज उठा। इस अवसर पर शानदार ड्रोन शो और आतिशबाजी ने कार्यक्रम की शोभा और बढ़ा दी। हालांकि, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और दोनों डिप्टी सीएम इस बार कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके, लेकिन श्रद्धालुओं की भीड़ ने राम की पैड़ी से लेकर पूरी अयोध्या को रौशन कर दिया।
जहां कभी गोलियां चलीं, अब दीये जल रहे हैं– योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज अयोध्या में जलते दीप 500 वर्षों के अंधकार पर विजय का प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि “जहां कभी गोलियां चली थीं, वहां अब दीप जल रहे हैं।” सीएम ने कहा कि डबल इंजन की सरकार बनने के बाद अयोध्या की पहचान बदल गई है। उन्होंने इसे उत्तर प्रदेश की नई सांस्कृतिक पहचान बताया और कहा कि यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि यह संदेश भी देता है कि सत्य परेशान हो सकता है, पराजित नहीं।