अयोध्या में राम मंदिर के शिखर पर ध्वजारोहण के बाद अब पावन नगरी एक और ऐतिहासिक अवसर की ओर बढ़ रही है। प्रतिष्ठा द्वादशी के शुभ पर्व पर अयोध्या में भव्य ध्वजारोहण समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसे लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। इस अवसर पर देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मां अन्नपूर्णा मंदिर में ध्वजारोहण करेंगे। उल्लेखनीय है कि इससे पहले 25 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के शिखर पर ध्वजारोहण किया था।
धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से विशेष अवसर
राम मंदिर के शिखर पर हुआ ध्वजारोहण केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं था, बल्कि इसका ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व भी गहरा माना जा रहा है। हालांकि राम मंदिर परिसर में स्थित सात अन्य प्रमुख मंदिरों में अभी ध्वजारोहण होना शेष है, जिन्हें चरणबद्ध रूप से संपन्न किया जाना है। इसी क्रम में अब मां अन्नपूर्णा मंदिर में होने वाला ध्वजारोहण एक अहम कड़ी माना जा रहा है।
31 दिसंबर को राजनाथ सिंह करेंगे ध्वजारोहण
प्रतिष्ठा द्वादशी के पावन अवसर पर 31 दिसंबर को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मां अन्नपूर्णा मंदिर में ध्वजारोहण करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा राम मंदिर में किए गए ध्वजारोहण के बाद यह दूसरा बड़ा आयोजन होगा, जिससे इस पर्व का महत्व और अधिक बढ़ जाएगा। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार प्रतिष्ठा द्वादशी का दिन मंदिरों और देवालयों के लिए अत्यंत शुभ माना जाता है, ऐसे में इस वर्ष का आयोजन विशेष ऐतिहासिक स्वरूप ले रहा है।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ की संभावना
राम मंदिर निर्माण और उससे जुड़े अनुष्ठानों के बाद अयोध्या निरंतर वैश्विक स्तर पर आस्था के प्रमुख केंद्र के रूप में उभर रही है। प्रतिष्ठा द्वादशी के अवसर पर लाखों श्रद्धालुओं के अयोध्या पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। भक्तजन अपने आराध्य के दर्शन-पूजन के साथ-साथ इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बनने के लिए उत्साहित हैं।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भी लेंगे हिस्सा
राम मंदिर ट्रस्ट के सदस्य डॉक्टर अनिल मिश्रा के अनुसार, पौष शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि को प्रतिष्ठा द्वादशी के रूप में मनाया जाता है और इस वर्ष इसका दूसरा वर्षगांठ समारोह 31 दिसंबर को पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सुबह करीब 11:15 बजे राम मंदिर परिसर पहुंचेंगे, जहां वे प्रभु श्रीराम की आरती में सम्मिलित होंगे। इसके साथ ही वे आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भी सहभागिता करेंगे।