इश्क के नाम पर एक सनकी कदम ने पुरानी सीमापुरी में दो जिंदगियों को तबाह कर दिया। 24 साल के युवक ने 16 साल की किशोरी पर चाकू से हमला कर उसे गंभीर हालत में पहुंचा दिया और फिर खुद घर जाकर गैस सिलेंडर खोलकर आग लगा ली। इस घटना में युवक की मौत हो गई, जबकि किशोरी जिंदगी के लिए जंग लड़ रही है।
इलाके में अफरा-तफरी मच गई
पुलिस के मुताबिक शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों के बीच जान-पहचान थी और इसी रिश्ते में किसी बात को लेकर विवाद हुआ। इसी के बाद युवक ने किशोरी पर हमला कर दिया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल किशोरी को अस्पताल भिजवाया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है
वारदात के कुछ देर बाद युवक अपने घर गया और खुद को आग के हवाले कर दिया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और दोनों के बीच संबंधों की गहराई से पड़ताल की जा रही है, ताकि पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने आ सके।