आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना देश के गरीब और जरूरतमंद परिवारों को हर साल 5 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज उपलब्ध कराती है. लाखों लोग इसका लाभ ले रहे हैं, लेकिन अभी भी कई लोग ऐसे हैं जिन्हें पता ही नहीं कि वे इस योजना के योग्य हैं या कार्ड कैसे बनता है. अच्छी बात यह है कि कार्ड बनवाने की प्रक्रिया अब पूरी तरह डिजिटल हो चुकी है. यानी न लाइन में लगने की जरूरत, न बार-बार केंद्रों के चक्कर. सिर्फ मोबाइल से घर बैठकर कार्ड तैयार किया जा सकता है.
कैसे बनाएं घर बैठे आयुष्मान कार्ड
सरकार ने कार्ड बनाने की प्रक्रिया बेहद सरल कर दी है. इसके लिए सबसे पहले आयुष्मान योजना की आधिकारिक वेबसाइट mera.pmjay.gov.in या Ayushman/PMJAY ऐप खोलें. यहां सबसे पहले अपनी पात्रता जांचें. यदि आप पात्र हैं, तो लॉगिन करें और आधार नंबर दर्ज करें. मोबाइल पर आने वाले ओटीपी को डालते ही आगे का चरण खुल जाएगा. अब मोबाइल कैमरे से अपनी लाइव फोटो क्लिक करके अपलोड करें. कुछ ही सेकंड में सिस्टम आपका आयुष्मान कार्ड तैयार कर देगा, जिसे आप तुरंत डाउनलोड कर सकते हैं. यह पूरी प्रक्रिया निःशुल्क है और मिनटों में पूरी हो जाती है.
ये भी पढ़ें : Right to Disconnect: ऑफिस के बाद फोन बंद करने की आज़ादी, संसद में आया नया बिल, क्या बदलेगी आपकी ज़िंदगी?
CSC सेंटर से भी बनवा सकते हैं कार्ड
हालांकि प्रक्रिया आसान है, पर यदि किसी को ऑनलाइन चरण समझ में नहीं आते तो चिंतित होने की जरूरत नहीं है. आपके नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर पर भी आयुष्मान कार्ड बन जाता है. वहां कर्मचारी आपकी पात्रता जांचते हैं, दस्तावेज सत्यापित करते हैं और फिर कार्ड जनरेट कर देते हैं. कई ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों की सुविधा के लिए यह विकल्प सबसे अधिक उपयोग किया जाता है.
किन लोगों को मिलता है आयुष्मान कार्ड
आयुष्मान कार्ड मुख्य रूप से असंगठित क्षेत्र में काम करने वालों, आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों और उन लोगों के लिए है जिन्हें ईएसआईसी का लाभ नहीं मिलता. 70 वर्ष से अधिक आयु वाले व्यक्ति भी इसके लिए पात्र हैं. जिन लोगों की नियमित सोशल सिक्योरिटी कटौती नहीं होती या PF जमा नहीं होता, वे भी इस योजना का लाभ ले सकते हैं. योजना का उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं को सबसे गरीब और जरूरतमंद लोगों तक सुलभ बनाना है.