.jpg%3Falt%3Dmedia%26token%3D613928b7-a0b8-41c5-983a-2eb95e34fed5&w=3840&q=75)
B. Sudarshan Reddy: विपक्षी गठबंधन INDIA ने उपराष्ट्रपति पद के लिए सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश बी. सुदर्शन रेड्डी को उम्मीदवार बनाया है। गुरुवार को उन्होंने संसद भवन में नामांकन दाखिल किया। इस मौके पर कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे, कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी सहित कई बड़े नेता मौजूद रहे। विपक्ष के करीब 80 सांसदों ने प्रस्तावक और अनुमोदक के तौर पर हस्ताक्षर किए, जिनमें सोनिया गांधी का नाम भी शामिल है। इससे पहले संविधान सदन के सेंट्रल हॉल में रेड्डी को सम्मानित करने के लिए INDIA गठबंधन की ओर से एक felicitation कार्यक्रम भी आयोजित किया गया था।
NDA उम्मीदवार का मजबूत दावा
दूसरी ओर एनडीए की तरफ से उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन ने बुधवार को नामांकन भरा। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और भाजपा अध्यक्ष जे.पी. नड्डा सहित कई केंद्रीय मंत्री उनके साथ मौजूद रहे। राधाकृष्णन ने चार सेटों में नामांकन दाखिल किया, जिनमें प्रत्येक पर 20 प्रस्तावकों और 20 अनुमोदकों के हस्ताक्षर किए गए हैं। खास बात यह रही कि पहले सेट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्य प्रस्तावक के रूप में साइन किया। इससे भाजपा और एनडीए की तरफ से उनकी दावेदारी बेहद मजबूत मानी जा रही है।
यह भी देखेंःChief Minister Yogi: एटा दौरे पर आज पहुंचेंगे मुख्यमंत्री योगी, श्री सीमेंट प्लांट का करेंगे लोकार्पण
संख्याबल में NDA का पलड़ा भारी
आगामी उपराष्ट्रपति चुनाव में कुल 782 सांसद वोट डालेंगे, जिनमें लोकसभा के 542 और राज्यसभा के 240 सांसद शामिल हैं। जीत के लिए 391 वोटों की आवश्यकता है। वर्तमान गणित के अनुसार NDA के पास 422 सांसदों का समर्थन है, जबकि विपक्ष के पास लगभग 312 सांसद हैं। इस स्थिति में एनडीए उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन की जीत लगभग तय मानी जा रही है। अब सारा ध्यान इस बात पर टिका है कि विपक्ष मुकाबले को कितना रोचक बना पाता है और जीत का अंतर कितना रहता है।