कई छात्राओं और युवतियों से यौन शोषण के आरोपी बाबा चैतन्यानंद सरस्वती के खिलाफ लगातार नए-नए खुलासे हो रहे हैं। दिल्ली पुलिस की गिरफ्त में आने के बाद अब उसके मोबाइल से कई एयरहोस्टेस संग तस्वीरें और लड़कियों से की गई संदिग्ध चैट्स बरामद हुई हैं। इन सबूतों से साफ है कि बाबा लंबे समय से युवतियों को झांसा देकर शोषण की कोशिश कर रहा था।
मोबाइल से बरामद हुए राज
दिल्ली पुलिस ने बाबा के मोबाइल फोन से कई युवतियों की चैट्स, फोटो और मोबाइल डीपी के स्क्रीनशॉट्स बरामद किए हैं। इन चैट्स में बाबा लड़कियों को प्रलोभन देकर बरगलाने की कोशिश कर रहा था। खास बात यह है कि बाबा ने एयरहोस्टेस के साथ तस्वीरें खिंचवाकर उन्हें भी अपने फोन में सुरक्षित रखा हुआ था।
पूछताछ में टालमटोल
पुलिस के मुताबिक बाबा पूछताछ के दौरान सीधे जवाब नहीं दे रहा है। वह गोलमोल बातें करता है और तभी जवाब देता है जब सख्ती से पूछताछ हो या उसके सामने सबूत रखे जाएं। पुलिस ने पूछताछ में बाबा की दो महिला सहयोगियों को भी आमने-सामने बिठाकर उससे सवाल किए।
हिरासत में रखी मांगें
पुलिस हिरासत में आने के बाद बाबा का व्यवहार भी अजीब रहा। पहले ही दिन उसने शाम को फल और अन्य सामान की मांग कर दी। हालांकि पुलिस ने उसे फल और पानी उपलब्ध कराया।
गिरफ्तारी और आगे की कार्रवाई
दिल्ली पुलिस ने रविवार को आगरा के एक होटल से बाबा को गिरफ्तार किया था। उसके पास से तीन मोबाइल फोन और एक आईपैड भी बरामद हुए। फिलहाल बाबा पटियाला हाउस कोर्ट के आदेश पर 5 दिन की पुलिस हिरासत में है और पुलिस लगातार उससे पूछताछ कर रही है।