पाकिस्तान के स्टार बल्लेबाज बाबर आजम इस बार अपने खेल से नहीं, बल्कि एक तस्वीर की वजह से चर्चा में आ गए हैं। ऑस्ट्रेलिया में बिग बैश लीग के दौरान बाबर ने टीम इंडिया की जर्सी पहने एक भारतीय फैन को ऑटोग्राफ दे दिया। यही नहीं, उन्होंने उसी फैन के साथ सेल्फी भी ली। देखते ही देखते यह तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। इसके बाद भारतीय फैंस के एक वर्ग में नाराजगी देखने को मिली और बाबर आजम पर सवाल उठने लगे कि आखिर उन्होंने भारतीय टीम की जर्सी पर ऑटोग्राफ क्यों दिया।
सोशल मीडिया पर नाराजगी क्यों
इस मामले को लेकर सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। कई भारतीय फैंस का कहना है कि टीम इंडिया की जर्सी देश का प्रतीक है और उस पर किसी पाकिस्तानी खिलाड़ी का ऑटोग्राफ देना ठीक नहीं। कुछ लोग इसे जर्सी का अपमान तक बता रहे हैं। भारत और पाकिस्तान के बीच मौजूदा रिश्तों को देखते हुए यह मामला और संवेदनशील हो गया है। हाल के समय में दोनों देशों के खिलाड़ी मैदान पर भी दूरी बनाए रखते दिखे हैं। ऐसे माहौल में बाबर का यह कदम विवाद का कारण बन गया और अब चर्चा है कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड भी इस पूरे मामले को गंभीरता से देख सकता है।
मैदान पर बाबर की फॉर्म भी सवालों में
विवाद के बीच बाबर आजम का खेल भी उनके पक्ष में नहीं जा रहा है। श्रीलंका के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए उन्हें पाकिस्तानी टीम से बाहर कर दिया गया है। वहीं बिग बैश लीग में सिडनी सिक्सर्स के लिए खेलते हुए भी उनका प्रदर्शन खास नहीं रहा। अब तक 4 मैचों में बाबर सिर्फ 71 रन बना पाए हैं। उनका औसत 17.7 और स्ट्राइक रेट करीब 110 का रहा है। चार में से तीन पारियों में वह दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर सके, जिससे आलोचनाएं और तेज हो गई हैं।
इसे भी पढ़ें : CSK का भरोसा रंग लाया, 7 विकेट लेकर चमके Ramkrishna Ghosh, घरेलू क्रिकेट में मचा दिया बड़ा धमाका
बाबर-रिजवान बाहर, नई टी20 टीम
श्रीलंका के खिलाफ टी20 सीरीज में बाबर आजम के साथ-साथ मोहम्मद रिजवान को भी टीम में जगह नहीं मिली है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने 15 सदस्यीय टीम का ऐलान किया है, जिसकी कमान सलमान अली आगा संभालेंगे। इस टीम में शादाब खान की वापसी हुई है, जबकि युवा खिलाड़ियों को ज्यादा मौके दिए गए हैं। बाबर के ऑटोग्राफ विवाद और खराब फॉर्म के बीच यह साफ है कि आने वाला समय उनके लिए आसान नहीं होने वाला। अब देखना होगा कि बाबर मैदान पर अपने बल्ले से जवाब देते हैं या यह विवाद उनकी मुश्किलें और बढ़ा देता है।