एसटीएफ ने बागपत जिले के 50 हजारी गैंगस्टर को गिरफ्तार किया है, जो दोघट थाने में चोरी की वारदात में फरार चल रहा था और कबाड़ी के आड़ में चोरी का माल खरीद कर भी ठिकाने लगाता था। एसटीएफ मेरठ यूनिट के एसपी बृजेश कुमार सिंह ने बताया, शातिर और इनामी बदमाशों की सुरागकशी में एसटीएफ के एसआई संजय कुमार के नेतृत्व हेड कांस्टेबल जोशी कुमार, आकाशदीप सितम सिंह और विनय कुमार बुलंदशहर जिले में भ्रमणशील थे।
इसी दौरान एसटीएफ टीम को इनपुट मिला था कि बागपत जिले का 50 हजारी गैंगस्टर अरबाज निवासी जाकिर कॉलोनी काला आम गली नंबर-34 लिसाड़ी गेट बुलंदशहर के बराल स्टेशन पर किसी की इंतजार में खड़ा है। सूचना के आधार पर एसटीएफ की टीम ने दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। एसपी एसटीएफ ने बताया, अरबाज के खिलाफ बागपत जिले के दोघट थाने चोरी और गैंगस्टर का मुकदमा दर्ज है। पिछले दिनों ही डीआईजी मेरठ रेंज कलानिधि नैथानी ने अरबाज समेत रेंज के चारों जिलों के कई बदमाशों पर 50-50 हजार का इनाम घोषित किया था। गैंगस्टर को दोघट थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया है।
शामली के बदमाशों के साथ बनाया था गैंग
एसपी बृजेश कुमार सिंह ने बताया, अरबाज पहले कबाड़ी का काम करता था। शामली जिले के झिंझाना थाना क्षेत्र के अलीनगर गांव निवासी मनोज और अक्षय उसके पास चोरी का सामान बेचने आए थे। इसी दौरान अरबाज की दोनों से दोस्ती हो गई और फिर तीनों आरोपी चोरी की वारदात करने लगे। मार्च-2024 में अरबाज, मनोद, अक्षय ने अपने साथियों के साथ मिलकर दोघट थाना क्षेत्र के बिजली के तार चोरी किए थे। सभी आरोपियों को पुलिस ने जेल भेजा था और गैंगस्टर की कार्रवाई की थी, क्योंकि आरोपी गिरोह बनाकर संगठित अपराध कर रहे थे। इसलिए दोघट थाना पुलिस ने गैंगस्टर की कार्रवाई की थी।