Baingan Badi Sabji Recipe : रोज-रोज एक जैसी सब्जियां खाकर अगर आप भी बोर हो गए हैं, तो खाने में थोड़ा देसी ट्विस्ट लाने का समय है. इस बार घर पर ट्राई करें बिहारी स्टाइल बैंगन-बड़ी की चटपटी सब्जी. बैंगन और उड़द दाल से बनी बड़ी का मेल इस सब्जी को अलग स्वाद देता है. वहीं, सरसों के तेल और मसालों का इस्तेमाल इसके जायके को और खास बना देता है.
सब्जी के लिए जरूरी सामग्री
इस रेसिपी के लिए बैंगन, उड़द दाल की बड़ी, सरसों का तेल, प्याज और टमाटर की जरूरत होगी. मसालों में हल्दी, धनिया पाउडर, लाल मिर्च, जीरा और नमक इस्तेमाल करें. स्वाद बढ़ाने के लिए अदरक-लहसुन का पेस्ट और थोड़ा गरम मसाला भी डाला जा सकता है.
सबसे पहले बड़ी को करें तैयार
एक कड़ाही में सरसों का तेल गर्म करें और उसमें बड़ी डालकर मध्यम आंच पर सुनहरा होने तक सेंक लें. बड़ी को निकालकर अलग रख दें। इसी तेल में बैंगन के टुकड़ों को हल्का फ्राई कर लें। इससे बैंगन में अच्छा स्वाद और बेहतर टेक्सचर आता है.
ऐसे तैयार करें मसालेदार ग्रेवी
अब कड़ाही में जरूरत के अनुसार थोड़ा तेल रखें और उसमें जीरा डालें। इसके बाद प्याज डालकर हल्का सुनहरा होने तक भूनें. अदरक-लहसुन का पेस्ट डालकर कुछ देर पकाएं। फिर टमाटर और सूखे मसाले डालकर तब तक भूनें, जब तक मसाला अच्छी तरह पक न जाए.
बैंगन और बड़ी को पकाएं
मसाला तैयार होने के बाद इसमें फ्राई किए हुए बैंगन और बड़ी डालें. थोड़ा पानी मिलाकर कड़ाही को ढक दें और धीमी से मध्यम आंच पर कुछ मिनट पकाएं। जब बैंगन नरम हो जाए और मसाला अच्छी तरह मिल जाए तो ऊपर से थोड़ा गरम मसाला डालकर गैस बंद कर दें.
रोटी या चावल के साथ करें सर्व
तैयार बिहारी स्टाइल बैंगन-बड़ी की सब्जी को गर्मागर्म रोटी, पराठे या चावल के साथ परोसा जा सकता है. सरसों के तेल और मसालों वाला इसका देसी स्वाद साधारण खाने को भी खास बना सकता है.