Bajra Rabdi Recipe : राजस्थान के ग्रामीण इलाकों में सर्दियों की शुरुआत के साथ ही पारंपरिक खान-पान की रौनक बढ़ जाती है. नए बाजरे की आवक होते ही घरों में इससे बनने वाले कई देसी व्यंजन तैयार किए जाते हैं। इन्हीं में से एक है बाजरे की राबड़ी, जिसे खासतौर पर छाछ के साथ बनाया जाता है. भरतपुर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में यह आज भी नाश्ते का पसंदीदा हिस्सा मानी जाती है.
छाछ और बाजरे से बनती है राबड़ी
बाजरे की राबड़ी बनाने के लिए मुख्य रूप से बाजरे का दलिया और ताजी छाछ की जरूरत होती है. इसका स्वाद साधारण होने के बावजूद काफी खास होता है. ग्रामीण घरों में इसे पारंपरिक तरीके से मिट्टी या लोहे के बर्तन में पकाने का चलन भी देखने को मिलता है.
धीमी आंच पर पकाने का तरीका
सबसे पहले बाजरे के दलिया को छाछ के साथ अच्छी तरह मिलाया जाता है. इसके बाद मिश्रण को धीमी आंच पर पकाया जाता है। इसे बीच-बीच में चलाते रहना जरूरी होता है, ताकि दलिया बर्तन के तले में चिपके नहीं. जब बाजरा अच्छी तरह पककर गाढ़ा हो जाए, तो इसमें स्वादानुसार नमक और थोड़ी काली मिर्च मिलाई जाती है.
ये भी पढ़ें - Easy Rice Fry: बचे हुए चावल से बनाएं झटपट और टेस्टी राइस फ्राई, हल्के खाने के लिए है बेस्ट
सर्दियों में बढ़ जाता है स्वाद
नए बाजरे से तैयार राबड़ी का स्वाद पुराने बाजरे की तुलना में अलग और ज्यादा खुशबूदार माना जाता है. इसे गर्मागर्म परोसने के अलावा कुछ लोग अपनी पसंद के अनुसार इसमें अन्य देसी सामग्री भी मिला लेते हैं. गांवों में सुबह के समय छाछ-बाजरे की राबड़ी लंबे समय से रोजमर्रा के भोजन का हिस्सा रही है.
स्वाद के साथ पारंपरिक जुड़ाव
बाजरे की राबड़ी सिर्फ एक देसी रेसिपी नहीं, बल्कि राजस्थान की ग्रामीण खाद्य परंपरा का हिस्सा है. आसान सामग्री और साधारण बनाने की विधि के कारण इसे घर पर आसानी से तैयार किया जा सकता है. नए बाजरे के मौसम में यह पारंपरिक व्यंजन ग्रामीण जीवन और स्थानीय खान-पान की खास पहचान बन जाता है.