दौराला। बुधवार देर शाम मिठाई लाने निकले दो रिश्तेदार सड़क हादसे का शिकार हो गए। खतौली की ओर से तेज गति से आ रही बलेनो कार ने बाइक सवार पप्पू उर्फ किरणपाल (50) और उसके बहनोई राजवीर (47) को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पप्पू का बायां पैर घटनास्थल पर ही कटकर अलग हो गया। दोनों गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर तड़पते रहे।
राहगीरों की सूचना पर ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए और कार चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। स्थानीय लोगों ने पुलिस की मदद से घायलों को पहले दौराला सीएचसी पहुंचाया, जहां से हालत गंभीर होने पर उन्हें पल्लवपुरम स्थित फ्यूचर अस्पताल रेफर किया गया। यहां चिकित्सकों ने राजवीर को मृत घोषित कर दिया, जबकि पप्पू का उपचार जारी है। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
ग्राम प्रधान शिवकुमार ने बताया कि पप्पू की बहन किरण की बेटी की शादी थी। इसी कारण किरण अपने पति राजवीर के साथ भाई पप्पू के घर नौतने आई हुई थी। बुधवार शाम दोनों रिश्तेदार बाइक से दौराला मिठाई लेने निकले थे, लेकिन रास्ते में हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। बताया गया है कि पप्पू उर्फ किरणपाल के छह बच्चे हैं, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है।
हादसे के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त अवस्था में सड़क किनारे मिली। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर चालक से पूछताछ शुरू कर दी है। घटना से इलाके में शोक की लहर है।