Delhi NCR Schools Sports Activity CAQM: दिल्ली और एनसीआर के स्कूलों में अब नवंबर और दिसंबर के महीने में कोई भी मैदानी खेल यानि आउटडोर स्पोर्ट्स आयोजित नहीं होंगे। वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग ने बढ़ते प्रदूषण और जहरीली हवा से बच्चों को बचाने के लिए यह सख्त एडवाइजरी जारी की है। यह नियम दिल्ली के साथ-साथ हरियाणा और यूपी के एनसीआर इलाकों में आने वाले सभी स्कूलों पर लागू होगा। बता दें सर्दियों के इन महीनों में दिल्ली-एनसीआर की हवा काफी जहरीली हो जाती है और बाहर निकलना मुश्किल हो जाता है। इससे बच्चों की सेहत पर भी बुरा असर पड़ता है।
एडवाइजरी में क्या कहा गया
CAQM की ओर से जारी एडवाइजरी में कहा गया है कि अगर किसी स्कूल में नवंबर या दिसंबर के दौरान कोई स्पोर्ट्स मीट या खेल प्रतियोगिता पहले से तय है, तो उसे रद्द कर आगे की तारीखों के लिए टाल दिया जाएगा। तारीखें आगे बढ़ने की वजह से जो बच्चे प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने से चूक जाएंगे, उनके लिए कुछ महीने बाद ये प्रतियोगिताएं दोबारा आयोजित कराई जाएंगी।
सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद फैसला
यह फैसला सुप्रीम कोर्ट के उस निर्देश के बाद लिया गया है, जिसमें सर्दियों के दौरान दिल्ली एनसीआर में गैस चैंबर जैसे हालात बनने पर बच्चों के बाहर खेलने को लेकर चिंता जताई गई थी और कहा था कि बच्चों की सेहत का ख्याल रखने के लिए ऐसे आयोजन नहीं कराए जाने चाहिए।
यह भी पढ़ें: Child Online Safety: बच्चों की ऑनलाइन सुरक्षा पर केंद्र सख्त; मेटा ने मानी सरकार की शर्त, रिपोर्ट देने पर जताई सहमति
सांस लेना हो जाता है मुश्किल
सर्दियों के दौरान दिल्ली-एनसीआर और आसपास के इलाकों में गाड़ियों के धुएं, कंस्ट्रक्शन के काम और पराली की वजह से हवा इतनी खराब हो जाती है कि बाहर सांस लेना रोजाना कई सिगरेट पीने जितना खतरनाक हो जाता है। ऐसे में सबसे ज्यादा खतरा बच्चों और बुजुर्गों को होता है। इसकी खतरे को देखते हुए शिक्षा मंत्रालय, SAI और पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड्स की बैठक में तय किए गए सुरक्षा नियम इस साल भी पूरी तरह लागू होंगे।