टी20 वर्ल्ड कप 2026 से बांग्लादेश की टीम भले ही बाहर हो चुकी हो, लेकिन टूर्नामेंट में बांग्लादेश की मौजूदगी पूरी तरह खत्म नहीं हुई है। आईसीसी ने पूर्व बांग्लादेशी खिलाड़ी अतहर अली खान को इस मेगा इवेंट के लिए कमेंटेटर के तौर पर चुना है। यह फैसला इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि हाल ही में बांग्लादेश की टीम को भारत न भेजने के फैसले के बाद आईसीसी ने उसे पूरे टूर्नामेंट से बाहर कर दिया था। ऐसे में माना जा रहा था कि बांग्लादेश से जुड़े चेहरे भी वर्ल्ड कप से दूर रहेंगे, लेकिन अतहर अली खान को बड़ी जिम्मेदारी मिली है।
लंबा रहा है कमेंट्री का सफर
अतहर अली खान कोई नया नाम नहीं हैं। वह पिछले कई सालों से कमेंट्री की दुनिया में सक्रिय हैं और आईसीसी के साथ-साथ एशियन क्रिकेट काउंसिल के बड़े टूर्नामेंट्स में माइक थामते नजर आते रहे हैं। उनकी पहचान एक संतुलित और जानकारी भरी आवाज़ के तौर पर बनी है। बांग्लादेश क्रिकेट से जुड़े होने के बावजूद उन्हें इंटरनेशनल लेवल पर एक प्रोफेशनल कमेंटेटर के रूप में देखा जाता है, यही वजह है कि विवादों के बीच भी उन्हें वर्ल्ड कप की कमेंट्री टीम में जगह मिली।
कौन हैं अतहर अली खान
अतहर अली खान का जन्म 10 फरवरी 1962 को ढाका में हुआ था। वह बांग्लादेश के लिए मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज के तौर पर खेले। उनका इंटरनेशनल करियर करीब 10 साल चला, हालांकि उन्हें ज्यादा मौके नहीं मिल सके। अतहर ने 19 वनडे मैच खेले, जिसमें 29.5 की औसत से 532 रन बनाए। उनके नाम 3 अर्धशतक रहे और उनका सर्वोच्च स्कोर 82 रन था। क्रिकेट से संन्यास के बाद उन्होंने कमेंट्री को अपना नया मैदान बना लिया।
टेंबा बावुमा को भी मिला नया रोल
इस टी20 वर्ल्ड कप में साउथ अफ्रीका के टेस्ट कप्तान टेंबा बावुमा भी कमेंट्री करते नजर आएंगे। यह पहला मौका होगा जब वह किसी बड़े आईसीसी टूर्नामेंट में कमेंटेटर की भूमिका निभाएंगे। इससे पहले वह साउथ अफ्रीका की घरेलू लीग और अंडर-19 वर्ल्ड कप में कमेंट्री कर चुके हैं। एक सक्रिय खिलाड़ी का कमेंट्री बॉक्स में आना फैंस के लिए दिलचस्प रहने वाला है।
इसे भी पढ़ें : World Cup से पहले Australia को बड़ा झटका, तेज गेंदबाजी की रीढ़ टूटी, आख़िरी वक्त पर स्टार बाहर
दिग्गजों से सजी कमेंट्री टीम
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए आईसीसी ने कमेंट्री पैनल में कई बड़े नाम शामिल किए हैं। इस लिस्ट में रवि शास्त्री, नासिर हुसैन, इयान बिशप, डैनी मॉरिसन, साइमन डूल, शॉन पोलॉक, कुमार संगकारा, वसीम अकरम, सुनील गावस्कर, मैथ्यू हेडन और हर्षा भोगले जैसे अनुभवी चेहरे शामिल हैं। इन सभी के साथ अतहर अली खान की मौजूदगी पैनल को और मजबूत बनाती है।
आईसीसी का साफ संदेश
इस पूरे मामले से यह साफ होता है कि इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल खिलाड़ियों और कमेंटेटर्स के बीच फर्क रखता है। टीम बाहर होने के बावजूद एक पूर्व खिलाड़ी को मौका मिलना यही दिखाता है कि कमेंट्री में अनुभव और प्रोफेशनलिज्म को प्राथमिकता दी जा रही है। अब देखना दिलचस्प होगा कि अतहर अली खान की आवाज़ इस वर्ल्ड कप के रोमांच में कितना रंग भरती है।