बांग्लादेश ने पाकिस्तान को दूसरे टेस्ट में 78 रन से हराकर दो मैचों की टेस्ट सीरीज 2-0 से अपने नाम कर ली। खास बात यह रही कि लगातार दूसरी बार बांग्लादेश ने पाकिस्तान को टेस्ट सीरीज में क्लीन स्वीप किया है। इससे पहले पाकिस्तान की धरती पर भी बांग्लादेश ने 2-0 से सीरीज जीती थी। अब अपने घर में मिली इस जीत ने टीम की खुशी और बढ़ा दी है।
437 रन का लक्ष्य बना पहाड़
दूसरे टेस्ट में बांग्लादेश ने पाकिस्तान के सामने 437 रन का बड़ा लक्ष्य रखा था। जवाब में पाकिस्तान की टीम संघर्ष करती रही लेकिन मंजिल तक नहीं पहुंच सकी। मैच के आखिरी दिन पाकिस्तान को जीत के लिए 121 रन और चाहिए थे और उसके केवल तीन विकेट बाकी थे। उम्मीदें मोहम्मद रिजवान और निचले क्रम के बल्लेबाजों पर टिकी हुई थीं।
रिजवान लड़ते रहे लेकिन टीम हार गई
आखिरी दिन मोहम्मद रिजवान ने एक छोर संभालने की पूरी कोशिश की। उन्होंने साजिद खान के साथ आठवें विकेट के लिए अहम साझेदारी भी की। लेकिन तैजुल इस्लाम ने साजिद को आउट कर पाकिस्तान को बड़ा झटका दिया। इसके तुरंत बाद शोरीफुल इस्लाम ने 94 रन बनाकर खेल रहे रिजवान को पवेलियन भेज दिया। रिजवान अपने शतक से सिर्फ 6 रन दूर रह गए।
तैजुल इस्लाम बने सबसे बड़े हीरो
बांग्लादेश की जीत में तैजुल इस्लाम सबसे बड़े नायक बनकर सामने आए। उन्होंने पाकिस्तान की दूसरी पारी में अकेले छह विकेट झटके। तैजुल ने 34.2 ओवर में 120 रन देकर पाकिस्तान की आधी टीम को पवेलियन भेज दिया। उनके सामने पाकिस्तान के बल्लेबाज टिक नहीं पाए और पूरी टीम 358 रन पर सिमट गई।
ऐसा रहा पूरे मैच का हाल
इस मुकाबले में बांग्लादेश ने पहली पारी में 278 रन बनाए थे। जवाब में पाकिस्तान की पहली पारी 232 रन पर खत्म हुई और बांग्लादेश को 46 रन की बढ़त मिली। दूसरी पारी में बांग्लादेश ने 390 रन बनाए और पाकिस्तान को 437 रन का लक्ष्य दिया। लेकिन पाकिस्तान लक्ष्य से 78 रन दूर रह गया।
इसे भी पढ़ें : Afghanistan सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान, Rohit-Virat की वापसी, Gill के हाथ कप्तानी
लिट्टन और मुस्फिकुर का जलवा
बांग्लादेश के लिट्टन दास को दूसरी टेस्ट की पहली पारी में 126 और दूसरी पारी में 69 रन बनाने के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। वहीं पूरी सीरीज में 253 रन बनाने वाले मुस्फिकुर रहीम प्लेयर ऑफ द सीरीज बने। इस जीत ने साफ कर दिया कि बांग्लादेश अब टेस्ट क्रिकेट में बड़ी टीमों को चुनौती देने की ताकत रखता है।