बांग्लादेश क्रिकेट के लिए यह खबर किसी झटके से कम नहीं है। बांग्लादेश ‘ए’ टीम के तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर तोफाएल अहमद रायहान पर एक युवती ने गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने उनके खिलाफ यौन उत्पीड़न के मामले में चार्जशीट दाखिल कर दी है। यह मामला फर्जी शादी के वादे पर शारीरिक संबंध बनाने से जुड़ा है। जांच अधिकारी के अनुसार, चार्जशीट महिला एवं बाल दमन निवारण अधिनियम की धारा 9(1) के तहत दाखिल की गई है। अब यह मामला सीधे अदालत की निगरानी में चला गया है, जिससे खिलाड़ी की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं।
चार्जशीट में क्या है ?
पुलिस जांच में सामने आया है कि पीड़िता के बयान के अलावा होटल बुकिंग रिकॉर्ड, मेडिकल जांच रिपोर्ट और अन्य तकनीकी सबूत आरोपों का समर्थन करते हैं। इन्हीं आधारों पर पुलिस ने चार्जशीट दाखिल की है। यह चार्जशीट 30 दिसंबर को कोर्ट में पेश की जाएगी, जिस दिन मामले की अगली सुनवाई तय है। जांच अधिकारी ने साफ कहा है कि सबूतों के आधार पर मामला मजबूत माना जा रहा है। क्रिकेट जगत में यह चर्चा तेज हो गई है कि आने वाले दिनों में इस केस का असर तोफाएल के करियर पर भी पड़ सकता है।
आरोपों की पूरी कहानी
शिकायत के मुताबिक, जनवरी में तोफाएल की मुलाकात युवती से फेसबुक के जरिए हुई थी। दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और रिश्ता धीरे-धीरे रोमांटिक हो गया। आरोप है कि 31 जनवरी को तोफाएल युवती को ढाका के गुलशन इलाके के एक होटल में ले गया और उसे अपनी पत्नी बताकर होटल स्टाफ के सामने पेश किया। पीड़िता का कहना है कि इस दौरान उसने शादी का वादा किया और उसकी सहमति के बिना शारीरिक संबंध बनाए। बाद में भी कई बार ऐसा हुआ, लेकिन जब शादी की बात आई तो क्रिकेटर ने साफ इंकार कर दिया। इसके बाद युवती ने 1 अगस्त को गुलशन थाने में शिकायत दर्ज कराई।
जमानत और विवाद
मामले में 24 सितंबर को हाई कोर्ट ने तोफाएल को छह हफ्ते की अग्रिम जमानत दी थी और निर्देश दिया था कि वह महिला एवं बाल दमन निवारण ट्रिब्यूनल के सामने सरेंडर करें। हालांकि, आरोप है कि उन्होंने ऐसा नहीं किया। हैरानी की बात यह रही कि अग्रिम जमानत के दौरान भी तोफाएल बांग्लादेश टीम की ओर से हांगकांग सिक्सेस टूर्नामेंट में खेलते नजर आए। अब चार्जशीट दाखिल होने के बाद सवाल उठ रहे हैं कि क्या कानून से बचना आसान है। आने वाली सुनवाई इस पूरे मामले की दिशा तय करेगी और बांग्लादेश क्रिकेट पर भी इसका असर साफ दिख सकता है।