
ढाका मेट्रोपॉलिटन साउथ में रहने वाले अवामी लीग के कई सदस्यों ने गुरुवार को बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के समर्थन में फ्लैश जुलूस को निकाला। राजधानी के हजारीबाग पुलिस स्टेशन तहत बेरीबाध क्षेत्र में थोड़ी देर के लिए ही कुछ युवा आगे आए। रिपोर्ट्स मे सामने आया है कि दर्जनों युवा बैनर लिए जय बांग्ला, जय बंगबंधु, शेख हसीना आएंगी के नारे लगाते हुए जुलूस में शामिल हुए।
बांग्लादेश के मीडिया हाउस ने एक स्थानीय निवासी के हवाले से बताया, सुबह अचानक उन्होंने देखा कि कुछ लड़के हाथ में बैनर लिए और जय बांग्ला नारे लगाते हुए चल रहे थे। इसने एक जुलूस का रूप ले लिया।
11 लोगों को गिरफ्तार किया गया
जुलूस बौबाजार से आगे बढ़ा और लगभग पांच मिनट तक सड़क पर रहने के बाद युवकों ने बैनर मोड़ दिए और भाग गए। फिर पुलिस आई और 11 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। जुलूस में शामिल 11 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। मुहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार में अवामी लीग के नेताओं और पार्टी समर्थकों पर चल रही कार्रवाई के बीच ये ताजा घटनाक्रम सामने आया है। बीते हफ्ते, ढाका के बांग्लामोटर में अवामी लीग के 100 से ज्यादा सदस्यों ने पार्टी के समर्थन में एक जुलूस निकाला था।
आतंकवाद विरोधी अधिनियम के तहत जेल भेजा
यहां पर प्रतिभागियों ने अंतरिम सरकार के खिलाफ नारे लगाए थे। इसके बाद, अवामी लीग की छात्र शाखा, छात्र लीग के आठ नेताओं और कार्यकर्ताओं समेत 11 लोगों को आतंकवाद विरोधी अधिनियम के तहत जेल भेज दिया गया था। जांच अधिकारी की दलीलों के बाद उनकी जमानत याचिकाएं खारिज कर दी थीं। हाल ही में, बांग्लादेश की अवामी लीग पार्टी ने यूनुस सरकार पर देश में असहमति को दबाने और राजनीतिक विरोध को बेअसर करने के लिए मनमानी गिरफ्तारियों को हथियार के तौर पर इस्तेमाल करने का आरोप लगाया था।