भारत में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप 2026 को लेकर बांग्लादेश का रुख लगातार सख्त होता जा रहा है। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने साफ कर दिया है कि वह सुरक्षा कारणों के चलते भारत में अपनी टीम भेजने के फैसले से पीछे हटने वाला नहीं है। बोर्ड ने एक बार फिर दोहराया है कि मौजूदा हालात में भारत में खेलना उनके खिलाड़ियों के लिए सुरक्षित नहीं है। इस फैसले के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में हलचल तेज हो गई है।
आईसीसी के सामने बड़ा फैसला
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अगर बांग्लादेश इसी तरह अपने फैसले पर कायम रहता है, तो अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद उसे टूर्नामेंट से बाहर भी कर सकती है। आईसीसी के नियमों के अनुसार, अगर कोई टीम तय कार्यक्रम के अनुसार खेलने से इनकार करती है, तो उसके खिलाफ कड़ा कदम उठाया जा सकता है। इसी वजह से अब यह मामला केवल बांग्लादेश तक सीमित नहीं रहा, बल्कि पूरे टूर्नामेंट की साख से जुड़ गया है।
स्कॉटलैंड बन सकता है रिप्लेसमेंट
अगर बांग्लादेश को टी20 वर्ल्ड कप से बाहर किया जाता है, तो उसकी जगह किसे मौका मिलेगा, इस पर भी चर्चा शुरू हो गई है। मौजूदा वर्ल्ड रैंकिंग के हिसाब से स्कॉटलैंड इस दौड़ में सबसे आगे माना जा रहा है। स्कॉटलैंड इस समय टी20 रैंकिंग में 14वें स्थान पर है और नियमों के तहत वही सबसे मजबूत दावेदार बनता है। इसी खबर के सामने आते ही स्कॉटलैंड क्रिकेट का पहला रिएक्शन भी सामने आया है।
स्कॉटलैंड का संतुलित बयान
स्कॉटलैंड क्रिकेट बोर्ड ने साफ कहा है कि उन्हें अभी तक आईसीसी की ओर से कोई आधिकारिक ऑफर नहीं मिला है। बोर्ड के अधिकारियों का कहना है कि वे बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड का सम्मान करते हैं और इस मुद्दे पर खुद से आईसीसी से कोई संपर्क नहीं करेंगे। हालांकि उन्होंने यह भी संकेत दिए हैं कि अगर आईसीसी की ओर से उन्हें खेलने का मौका मिलता है, तो स्कॉटलैंड टी20 वर्ल्ड कप में हिस्सा लेने के लिए पूरी तरह तैयार है।
इसे भी पढ़ें : T20 World Cup से पहले बड़ा बवाल, भारत में खेलने से क्यों कतरा रहा Bangladesh?
पहले भी मिल चुका है मौका
यह पहली बार नहीं होगा जब स्कॉटलैंड किसी टीम की जगह वर्ल्ड कप में उतरे। साल 2009 के टी20 वर्ल्ड कप में जिम्बाब्वे ने राजनीतिक कारणों से टूर्नामेंट से हटने का फैसला किया था। उस समय आईसीसी ने स्कॉटलैंड को रिप्लेसमेंट के तौर पर मौका दिया था। तब स्कॉटलैंड ने ग्लोबल क्वॉलिफाइंग टूर्नामेंट में अच्छा प्रदर्शन कर यह जगह बनाई थी।
डेडलाइन पर भी नहीं माने बांग्लादेश
हाल ही में आईसीसी और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के बीच इस मुद्दे पर बैठक भी हुई थी। रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि आईसीसी ने बांग्लादेश को साफ बता दिया था कि टूर्नामेंट में अब ज्यादा समय नहीं बचा है और न तो मैचों की जगह बदली जा सकती है और न ही ग्रुप में कोई बदलाव संभव है। साथ ही भारत में सुरक्षा को लेकर उनकी चिंताओं को भी खारिज किया गया। हालांकि बांग्लादेश ने इन दावों को सिरे से नकारते हुए फिर दोहराया है कि वह भारत में खेलने नहीं जा रहा। अब सबकी नजर आईसीसी के अगले कदम पर टिकी है।