2025 बांग्लादेश के टी20 क्रिकेट इतिहास का सबसे सफल साल बन गया। लंबे समय से चल रहा मिथक कि बांग्लादेश टी20 में कमजोर है इस साल टूट गया। टीम ने अपने इतिहास में पहली बार सबसे ज्यादा 30 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले और रिकॉर्ड 15 जीत हासिल कीं। यह जीतें न सिर्फ आंकड़ों को बदलीं, बल्कि टीम के रवैये और खेलने की शैली को भी मजबूत करती हैं। वर्ल्ड कप 2026 से पहले यह प्रदर्शन बांग्लादेश को उन टीमों में खड़ा करता है जिन्हें अब हल्के में नहीं लिया जा सकता।
छक्कों का तूफान, पहली बार 200 के पार
इस साल बांग्लादेश की बल्लेबाजी में सबसे बड़ा बदलाव देखने को मिला छक्कों की बरसात है. 2023 में जहां टीम 122 छक्कों पर रुकी थी, वहीं 2025 में यह आंकड़ा दोगुना होते हुए 206 तक पहुंच गया। यह टीम की नई पावर-हिटिंग क्षमता का सबूत है। स्ट्राइक रेट भी 125.97 के साथ साल का सबसे ऊंचा रहा, जो बताता है कि टीम अब तेज खेलने में माहिर हो चुकी है। इस बदलाव के केंद्र में रहे तंजीद हसान तमीम, जिन्होंने 27 पारियों में 41 छक्के उड़ाकर बांग्लादेश के रिकॉर्ड बुक में नया अध्याय लिखा। उनके साथी एमोन ने 34, जबकि सैफ हसन और लिटन दास ने क्रमशः 29 और 23 छक्के लगाए।
तंजीद का जबरदस्त सीजन, लेकिन मिडिल ऑर्डर चिंता
तंजीद ने सिर्फ छक्के ही नहीं उड़ाए, बल्कि कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा 775 रन बनाने का नया बांग्लादेशी रिकॉर्ड भी बनाया। उनका 135+ स्ट्राइक रेट बताता है कि वह अब टीम के सबसे बड़े मैच-विनर बन चुके हैं। लेकिन यह चमकदार टॉप ऑर्डर मिडिल ऑर्डर की कमियों पर भी परदा डालती है। जकर अली अनिक, शमीम, तौहीद हृदॉय और नुरुल हसन जैसे खिलाड़ियों को कई मौके मिले, लेकिन कोई भी निरंतरता नहीं ला सका। विकेटों के बीच अक्सर धीमी बल्लेबाजी टीम को मुश्किल में डालती दिखी। आयरलैंड के खिलाफ आखिरी मैच के बाद मिडिल ऑर्डर का स्ट्राइक रेट टेस्ट खेलने वाली टीमों में तीसरा सबसे कम रहा।
इसे भी पढ़ें : किसने तोड़ा वनडे शतकों का मैदान रिकॉर्ड, Raipur में बना ऐसा करिश्मा जिसे जानकर चौंक जाएंगे!
गेंदबाजी बनी बांग्लादेश की सबसे बड़ी ताकत
बांग्लादेश की गेंदबाजी 2025 में टीम की सबसे स्थिर ताकत रही। लेग स्पिनर रिशाद हुसैन पूरे साल चमकते रहे और 25 मैचों में 33 विकेट लेकर टीम के सबसे बड़े स्टार बन गए। नासुम और महेदी हसन ने भी कई मैचों में महत्वपूर्ण ओवरों से टीम को जीत दिलाई। पेस अटैक की कमान मुस्तफिजुर रहमान ने हमेशा की तरह शानदार ढंग से संभाली। डेथ ओवर्स में उनका 6.09 इकोनॉमी रेट और 26 विकेट इस बात का सबूत हैं कि वह बांग्लादेश के सबसे भरोसेमंद गेंदबाज हैं। तस्किन, शरीफुल और तंजीम ने भी अहम समय पर उपयोगी स्पेल देकर टीम का संतुलन बनाए रखा।