भारत और बांग्लादेश के बीच मौजूदा हालात सामान्य नहीं हैं। बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदुओं पर हो रही हिंसा और उसके बाद भारत में उठी तीखी प्रतिक्रियाओं ने दोनों देशों के रिश्तों में खटास बढ़ा दी है। इसका असर अब क्रिकेट तक साफ दिखाई देने लगा है। इसी विवादित माहौल के बीच BCC ने रविवार 4 जनवरी को टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए अपने स्क्वॉड की घोषणा कर दी। सबसे अहम फैसला कप्तानी को लेकर लिया गया, जहां बोर्ड ने एक बार फिर टीम की कमान स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज Litton Das को सौंपी है। लगातार उठते सवालों और दबाव के बावजूद BCB का यह फैसला चर्चा में आ गया है।
लिट्टन दास पर क्यों बरकरार रहा भरोसा
लिट्टन दास पिछले कुछ समय से बांग्लादेश की टी20 टीम का नेतृत्व कर रहे हैं। उनके कप्तान रहते टीम का प्रदर्शन उतार-चढ़ाव भरा जरूर रहा है, लेकिन बोर्ड ने स्थिरता को प्राथमिकता दी है। एशिया कप 2025 में लिट्टन की कप्तानी में बांग्लादेश सुपर-4 राउंड तक पहुंचा था, हालांकि वहां से आगे का सफर तय नहीं कर सका। इसके बाद घरेलू सरजमीं पर वेस्टइंडीज के खिलाफ टीम को 0-3 से क्लीन स्वीप झेलना पड़ा, जिसने आलोचकों को बोलने का मौका दिया। इसके उलट आयरलैंड के खिलाफ सीरीज में बांग्लादेश ने 2-1 से जीत दर्ज कर कुछ हद तक संतुलन बनाया। इन तमाम नतीजों के बावजूद BCB ने कप्तान बदलने के बजाय लिट्टन दास पर भरोसा जताए रखा।
विवाद के केंद्र में मुस्तफिजुर
टी20 वर्ल्ड कप स्क्वॉड में उस खिलाड़ी को भी जगह दी गई है, जो इस समय भारत-बांग्लादेश क्रिकेट विवाद का चेहरा बन चुका है। यह खिलाड़ी हैं बाएं हाथ के तेज गेंदबाज Mustafizur Rahman। हाल ही में BCCI के निर्देश पर KKR ने 3 जनवरी को उन्हें IPL स्क्वॉड से रिलीज कर दिया था। इस फैसले के बाद बांग्लादेश में तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली। इसके विरोध में ही 4 जनवरी को बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने संकेत दिया था कि वह वर्ल्ड कप के लिए अपनी टीम को भारत भेजने को लेकर पुनर्विचार कर सकता है। ऐसे में मुस्तफिजुर का चयन सिर्फ क्रिकेटिंग फैसला नहीं, बल्कि एक सख्त संदेश के तौर पर भी देखा जा रहा है।
इसे भी पढ़ें : T-20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले ICC का बड़ा प्लान, Bangladesh के मैच भारत से बाहर कराने पर मंथन तेज, आया ये अपडेट
15 खिलाड़ियों का पूरा स्क्वॉड
बांग्लादेश ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए कुल 15 खिलाड़ियों का चयन किया है, जिसमें अनुभव और युवा जोश का संतुलन नजर आता है। घोषित स्क्वॉड में लिट्टन दास (कप्तान), तनजीद हसन, परवेज होसैन, सैफ हसन, तौहीद ह्रदॉय, शमीम होसैन, नूरुल हसन, मेहदी हसन, रिशाद होसैन, नसुम अहमद, मुस्तफिजुर रहमान, तनजीम हसन साकिब, तस्कीन अहमद, मोहम्मद सैफुद्दीन और शोरीफुल इस्लाम शामिल हैं। भारत के साथ बिगड़ते रिश्तों, सुरक्षा चिंताओं और राजनीतिक पृष्ठभूमि के बीच घोषित यह टीम आने वाले दिनों में सिर्फ मैदान पर ही नहीं, बल्कि कूटनीतिक बहस में भी चर्चा का केंद्र बनी रहने वाली है।