दोहा में इंडिया A और बांग्लादेश A के बीच एशिया कप राइजिंग स्टार्स का सेमीफाइनल ऐसा मुकाबला रहा जिसने हर क्रिकेट फैन की सांसें रोक दीं। बांग्लादेश A ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 194 रन ठोके और जवाब में भारत A ने भी आखिरी गेंद तक लड़ते हुए ठीक इतने ही रन बना दिए। आखिरी ओवर में भारत को 4 रन चाहिए थे, लेकिन बांग्लादेश की गलती का फायदा उठाकर भारत ने 3 रन ले लिए और मैच टाई हो गया। इसके बाद मुकाबला सुपर ओवर में पहुंचा और यहीं से शुरू हुआ असली दिल तोड़ देने वाला मोड़.
हबीबुर-मेहरूब का तूफान, 194 का पहाड़ खड़ा
बांग्लादेश A की शुरुआत इतनी आक्रामक थी कि भारतीय गेंदबाजों के लिए संभलना मुश्किल हो गया. ओपनर हबीबुर रहमान ने सिर्फ 46 गेंदों में 65 रन उड़ाए, जबकि जिशान आलम ने 14 गेंदों पर 26 रन बनाकर पावरप्ले में आग लगा दी. बीच में भारत ने वापसी की और 17वें ओवर तक बांग्लादेश 130/6 पर झूल रहा था. तभी आए मेहरूब और उन्होंने मैच बदल दिया सिर्फ 18 गेंदों में 48 रन… जिसमें 6 छक्के शामिल थे. उनके इस तूफान ने स्कोर को 194 तक पहुंचा दिया और भारत के सामने पहाड़ जैसा लक्ष्य खड़ा कर दिया.
वैभव सूर्यवंशी का तूफान, लेकिन दिल टूट गया
भारत की ओर से एक बार फिर 14 साल का युवा महामुकाबला वैभव सूर्यवंशी पूरे जोश के साथ मैदान में उतरा. पहले ही ओवर में 19 रन और पावरप्ले में लगातार छक्के बांग्लादेश के गेंदबाजों की हालत खराब। वैभव ने 15 गेंदों पर 38 रन बनाकर मैच में जान डाल दी लेकिन जब वो आउट हुए तो उनकी आंखों में साफ दिख रहा था कि आज वो यह मैच जिताना चाहते थे. उनके बाद प्रियांश आर्य और कप्तान जितेश शर्मा ने कोशिश की, लेकिन 16 रन की जरूरत वाले आखिरी ओवर में टीम सिर्फ 15 रन बना सकी और मुकाबला सुपर ओवर में खिंच गया.
इसे भी पढ़ें : Bangladesh के खिलाफ Vaibhav Suryavanshi ने किया धुआं-धुआं मैदान, पाकिस्तान में मचा घमासान, बनाया ये खास रिकॉर्ड !
सुपर ओवर में टूटा सपना, बांग्लादेश फाइनल में
सुपर ओवर में भारत पहले बल्लेबाजी करने आया, लेकिन शुरुआत ही डरावनी रही. पहली गेंद पर जितेश शर्मा आउट, दूसरी गेंद पर आशुतोष शर्मा भी शून्य पर चलते बने. भारत सिर्फ कुछ रनों तक ही सिमट गया और बांग्लादेश के सामने आसान लक्ष्य छोड़ गया। जवाब में बांग्लादेश भी शुरुआत में लड़खड़ाया पहली ही गेंद पर कैच आउट. लेकिन उसके बाद सुयश शर्मा की एक वाइड गेंद ने भारत का सपना तोड़ दिया और बांग्लादेश ने 1 रन लेकर मैच जीत लिया. जैसे ही मैच खत्म हुआ, कैमरे में वैभव सूर्यवंशी की आंखें नम दिखाई दीं क्योंकि उन्होंने पूरी जान लगा दी थी, लेकिन किस्मत ने साथ नहीं दिया. दूसरी ओर बांग्लादेश फाइनल में पहुंच गया और पूरे स्टेडियम में जश्न का शोर गूंज उठा.