12 फरवरी को ट्रेड यूनियनों के भारत बंद के आह्वान में बैंक कर्मचारी यूनियन भी शामिल हैं। ऐसे में कई जगह बैंक शाखाएं बंद मिल सकती हैं या कामकाज धीमा हो सकता है। डिजिटल बैंकिंग एक विकल्प है, लेकिन हर किसी को मोबाइल या नेट बैंकिंग चलाना आसान नहीं लगता। अगर आपको नकद जमा-निकासी या अन्य जरूरी काम हैं, तो घबराने की जरूरत नहीं है।
क्या है CSP और क्यों है मददगार?
CSP यानी ग्राहक सेवा केंद्र बैंक की छोटी शाखा जैसा ही होता है। इसे बैंक कर्मचारी नहीं, बल्कि बैंक मित्र या प्रशिक्षित प्रतिनिधि चलाते हैं। इसलिए बैंक हड़ताल के दौरान भी ये केंद्र आमतौर पर खुले रहते हैं। यहां बुनियादी बैंकिंग सेवाएं मिल जाती हैं, जिससे ग्राहकों को राहत मिलती है।
किन बैंकों के CSP काम करते हैं?
देशभर में कई बड़े बैंक अपने ग्राहक सेवा केंद्र चलाते हैं। जैसे State Bank of India, Punjab National Bank, Bank of Baroda, Canara Bank, Union Bank of India और HDFC Bank। इन बैंकों के CSP ग्रामीण और शहरी इलाकों में मिल जाते हैं। इन्हें बिजनेस कॉरेस्पॉन्डेंट या बैंक मित्र संचालित करते हैं।
ये भी पढ़ें : India-US Trade Deal पर रूस की दो टूक! क्या बदलेगा भारत-रूस रिश्ता या बढ़ेगा दबाव?
CSP पर कौन-कौन से काम होंगे?
ग्राहक सेवा केंद्र पर कई जरूरी सेवाएं मिलती हैं। आप बैलेंस चेक करा सकते हैं, मिनी स्टेटमेंट निकलवा सकते हैं, नकद जमा या निकासी कर सकते हैं। आधार आधारित बैंकिंग यानी AEPS से लेन-देन भी संभव है। सरकारी सब्सिडी या DBT की स्थिति भी देखी जा सकती है। इसके अलावा बेसिक सेविंग अकाउंट खुलवाने, मोबाइल नंबर अपडेट या KYC जैसी सुविधाएं भी मिलती हैं। हालांकि चेक क्लियरेंस, ड्राफ्ट या बड़े लोन से जुड़े काम यहां नहीं होते।
सेवाओं के लिए कितना शुल्क?
CSP पर सेवाएं आमतौर पर मामूली शुल्क के साथ मिलती हैं। मिनी स्टेटमेंट या बैलेंस चेक के लिए करीब 5-10 रुपये लग सकते हैं। नकद जमा या निकासी पर 10-30 रुपये तक शुल्क हो सकता है, जो राशि पर निर्भर करता है। AEPS ट्रांजैक्शन का शुल्क बैंक के नियमों के अनुसार तय होता है। अलग-अलग जगहों पर शुल्क में थोड़ा फर्क हो सकता है, इसलिए पहले पूछ लेना बेहतर है।
नजदीकी CSP कैसे खोजें?
अगर आप State Bank of India के ग्राहक हैं तो YONO ऐप में CSP लोकेटर देख सकते हैं। अन्य बैंक भी अपने मोबाइल ऐप या वेबसाइट पर ऐसी सुविधा देते हैं। बैंक की हेल्पलाइन पर कॉल करके जानकारी ली जा सकती है। गूगल मैप पर भी कई CSP दर्ज होते हैं। अपने इलाके के बैंक मित्र या कॉमन सर्विस सेंटर से संपर्क कर भी आप नजदीकी ग्राहक सेवा केंद्र का पता लगा सकते हैं।