Bankipur Bypoll Defeat : बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर भारतीय जनता पार्टी की हार के बाद राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के भीतर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर की जीत के बाद अब सहयोगी दलों के भीतर भी चुनावी रणनीति को लेकर सवाल उठने लगे हैं। इसी बीच जनता दल यूनाइटेड (JDU) के सूत्रों ने इस हार को लेकर बड़ा दावा किया है।
JDU सूत्रों ने क्या कहा?
JDU सूत्रों का कहना है कि बांकीपुर का उपचुनाव मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के चेहरे के बिना लड़ा गया। सूत्रों के मुताबिक चुनाव प्रचार में नीतीश कुमार की मौजूदगी और उनकी छवि का इस्तेमाल नहीं किया गया, जिसका असर नतीजों पर देखने को मिला। हालांकि इस दावे पर JDU या NDA की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
BJP ने हार पर क्या प्रतिक्रिया दी?
उधर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने तीनों विधानसभा उपचुनावों के परिणाम स्वीकार करते हुए कहा कि पार्टी बिहार की बांकीपुर और मध्य प्रदेश की दतिया सीट पर मिले नतीजों का गंभीरता से आत्ममंथन करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा जनता के बीच और मजबूती से काम करेगी तथा उनके विश्वास को और मजबूत बनाने का प्रयास जारी रहेगा।
ये भी पढ़ें : China, Pakistan और Bangladesh सीमा तक दौड़ेगी रेलवे, 45 हजार करोड़ के मेगा प्लान पर सरकार का फोकस
नितिन नवीन ने क्या कहा?
नितिन नवीन ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर कहा कि भाजपा उपचुनावों में मिले जनादेश का सम्मान करती है। उन्होंने कहा कि पार्टी चुनाव परिणामों की गहराई से समीक्षा करेगी और नए उत्साह के साथ जनता के बीच जाएगी। वहीं गुजरात की मांजलपुर सीट पर मिली जीत के लिए उन्होंने मतदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को बधाई भी दी।
बांकीपुर के नतीजे क्यों बने चर्चा का विषय?
बांकीपुर सीट भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नवीन के विधायक पद से इस्तीफे के कारण खाली हुई थी। इस सीट पर हुए उपचुनाव में जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने जीत दर्ज की। इस नतीजे के बाद बिहार की राजनीति में नए समीकरणों और आगामी चुनावी रणनीति को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।